Haldwani में लोगों को आग में झोंकने का प्रयास हुआ, उपद्रवी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगेः CM Dhami

By नीरज कुमार दुबे | Feb 09, 2024

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को वनभूलपुरा में हिंसा के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए आज हल्द्वानी का दौरा किया और हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों और पत्रकारों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती घायलों से भी बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था। अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला हुआ है। कल हमारी महिलाकर्मियों को मारा पीटा गया है, पत्थरों और बंदूकों से उन पर हमला किया है। इसके बारे में जितना खराब कहा जाए वो कम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां कभी ऐसा नहीं हुआ है, इन्होंने देवभूमि की हवा खराब करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों के साथ मारपीट हुई है, बुरी तरह से उनके कैमरे तोड़े गए हैं। पत्रकारों को जिंदा आग में झोंकने तक का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा है कि कानून अपना काम करेगा। जिन लोगों ने भी सरकारी संपत्ति जलाई है उन पर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं और उन्होंने अधिकारियों को शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक, कानून और व्यवस्था, ए.पी अंशुमान को प्रभावित क्षेत्र में कैंप करने को कहा है। नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद मीणा ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से संवाददाताओं को संबोधित करते हुए घायल लोगों में से दो की मृत्यु होने की पुष्टि की। मीणा ने बताया कि घटना में दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी है और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अराजक तत्वों द्वारा बनभूलपुरा थाने और पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने के दौरान पुलिस को आत्मरक्षा में बल प्रयोग करना पड़ा जिसमें ये लोग घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि इन लोगों को गोली लग गयी थी। उन्होंने बताया कि तीन अन्य गंभीर रूप से घायलों में से एक को गोली लगी है जबकि दो अन्य को अलग प्रकार की चोटें आयी हैं। उन्होंने बताया कि उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस थाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के संबंध में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी शहर के लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने तथा अराजक तत्वों से सख्ती से निपटना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भीड़ को कथित रूप से उकसाने में करीब 15—20 लोग संलिप्त हो सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: Haldwani Violence| हल्द्वानी में उपद्रव के बाद यूपी में अलर्ट, उत्तराखंड से लगे जिलों में बढ़ाई गई चौकसी

जिलाधिकारी ने कहा, 'बृहस्पतिवार को हुई हिंसा पूरी तरह से अकारण थी और अराजक तत्वों का काम थी जो ढ़ांचों को बचाने की कोशिश नहीं कर रहे थे बल्कि अधिकारियों, राज्य सरकार की मशीनरी और कानून-व्यवस्था को निशाना बना रहे थे।' पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर में हालात काबू में हैं। उन्होंने बताया कि शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में करीब 1100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि 'मलिक का बगीचा' पर कथित रूप से खड़े ये दो ढ़ांचे (अवैध मदरसा और मस्जिद) सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए थे और अदालत के आदेश का अनुपालन करते हुए उनके ध्वस्तीकरण के लिए पूर्व में ही नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू करने से पहले नगर निगम प्रशासन उसका विधिक रूप से कब्जा ले चुका था। सिंह ने बताया कि उपद्रवियों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों और नगर निगम के कर्मचारियों पर पथराव किया, जिन्हें पहले बिना बल प्रयोग के वहां से हटाने का पूरा प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि उपद्रवियों ने पेट्रोल बम फेंक कर बनभूलपुरा पुलिस थाने को जलाने का प्रयास किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पहले उपद्रवियों को बिना ज्यादा बल प्रयोग के हटाने का प्रयास किया लेकिन बाद में जब भीड़ ने थाने में आग लगा दी तो आत्मरक्षा में पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा। जिलाधिकारी ने बताया कि इस मौके पर बड़ी संख्या में वाहन भी जलाए गए और पुलिसकर्मियों को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया, जिसके कारण उन्हें बचने के लिए पुलिस थाने में घुसना पड़ा।

प्रमुख खबरें

Nagpur में Chlorine Gas का रिसाव होने से कई लोग अस्पताल में भर्ती, NDRF तैनात

Explained India-China Border Dispute | सीमा विवाद सुलझाने की दिशा में बड़ा कदम! NSA डोभाल की बीजिंग यात्रा क्यों है भारत-चीन संबंधों के लिए अहम?

FTA पर नए समझौतों से जुड़ेगा 15 हजार अरब डॉलर का बाजार, बोले Piyush Goyal

Kannur में भीषण Road Accident, खड़े ट्रक से टकराई लॉरी; 2 मैकेनिकों की मौत