उत्तराखंड में Cold Wave का खतरा: बदरीनाथ-केदारनाथ में बर्फबारी के बाद सभी जिलों में अलर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी तथा आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने और शीतलहर की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को पर्याप्त तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने यहां बताया कि संभावित शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने और आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि सभी जिलों को शीतलहर कार्ययोजना तैयार रखने, विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने तथा जिला, तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुमन ने कहा कि शीतलहर से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। उनके नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराकर आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शीतलहर के दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय और सतर्क रखा जाएगा। मौसम संबंधी चेतावनियों, सड़क एवं यातायात की स्थिति, बिजली और पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं तथा बेघर एवं निराश्रित लोगों की स्थिति पर नियमित नजर रखी जाएगी। इससे संबंधित सूचनाएं तत्काल अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि जिलों को शीतलहर, पाला, बर्फबारी और अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों को पहले से चिह्नित करने को कहा गया है। खासकर उच्च हिमालयी, दुर्गम, दूरस्थ और सड़क संपर्क से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां जनजीवन तथा आवश्यक सेवाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों के मद्देनजर तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। दिशा-निर्देशों में बुजुर्गों, अकेले रहने वाले लोगों, नवजात शिशुओं एवं छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों, गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों, खुले में काम करने वाले श्रमिकों, बेघर एवं निराश्रित व्यक्तियों, सड़क किनारे रहने वाले लोगों तथा अत्यंत गरीब और कमजोर परिवारों की पहचान एवं निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

साथ ही उन्हें गर्म कपड़े, कंबल, आश्रय, भोजन, अलाव और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस तैयार रखने, हाइपोथर्मिया (शरीर का तापमान असामान्य रूप से कम होना) और फ्रॉस्टबाइट (अत्यधिक ठंड से त्वचा एवं ऊतकों को नुकसान) के संभावित मामलों की पहचान कर त्वरित उपचार सुनिश्चित करने तथा दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने को कहा गया है। सुमन ने बताया कि शीतलहर, पाला और बर्फबारी से प्रभावित होने वाली सड़कों को पहले से चिह्नित कर वहां जरूरी मशीनरी एवं उपकरण तैयार रखने, चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने तथा संवेदनशील मार्गों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ में रविवार को बर्फबारी हुई थी, जबकि मसूरी के ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई थी। इससे ठंड में कुछ बढ़ोतरी हुई है। देहरादून मौसम केंद्र ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में यह सामान्य से कम से लेकर सामान्य स्तर तक दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने और पर्वतीय जिलों की घाटियों में हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।

प्रमुख खबरें

लातूर DCCB Election में Dheeraj Deshmukh के सहकार पैनल ने 14 सीटें जीतीं

South Africa में 17 लोगों की हत्या, Saulsville गोलीबारी से बदला लेने का शक

Egypt में Indian Startups को मिलेंगे नए अवसर, निवेश बढ़ाने को मिलेगा Golden License

मोदी के खिलाफ बोले इटली के नेता, भड़क गई मेलोनी की पार्टी!