Uttarakhand Congress ने CEO से की मुलाकात, Voter List से गलत तरीके से नाम हटाने का आरोप

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

कांग्रेस ने शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) बीवीआरसी पुरुषोत्तम से मुलाकात कर प्रदेश में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित रूप से फर्जी आपत्तियों से वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाया। इस मौके पर पूर्व विधायक मनोज रावत के नेतृत्व में गए पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात एवं बाहरी ताकतों द्वारा थोक फर्जी फॉर्म-सात जमा कराकर मूल निवासियों, वैध मतदाताओं और यहां तक कि वर्तमान विधायकों के नाम भी मतदाता सूची से गायब कराए जा रहे हैं।

इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने ऊधमसिंह नगर जिले में ‘डेमोग्राफिकली/फोटो सिमिलर एंट्रीज’ (डीएसई/पीएसई) के नाम पर करीब 1.02 लाख मतदाताओं को संदिग्ध बताए जाने का मुद्दा भी उठाया। पार्टी ने आरोप लगाया कि इन मतदाताओं के संबंध में राजनीतिक दलों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई और नाम हटाए जाने की आशंका बनी हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ से मांग की कि जब तक कथित फर्जी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच और सत्यापन पूरा नहीं हो जाता, तब तक फॉर्म-सात के आधार पर नाम हटाने की कार्रवाई को रोका जाए।

इसके अलावा, कांग्रेस ने नाम हटाने और फर्जी आपत्तियों की स्वतंत्र उच्चस्तरीय एजेंसी से जांच एवं ऑडिट कराने की मांग भी की। कांग्रेस ने कहा कि 15 सितंबर को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले सभी फर्जी आपत्तियों को निरस्त किया जाए और यदि किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है तो उसे तत्काल बहाल किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने आगाह किया कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरने से लेकर अदालत तक का रुख करेगी।

सीईओ ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि एसआईआर प्रक्रिया पूर्णरूप से नियमानुसार की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जिन जिलों में दावे एवं आपत्तियां अधिक संख्या में प्राप्त हुई हैं, वहां नौ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की पर्यवेक्षक के तौर पर अतिरिक्त तैनाती की गयी है। पुरुषोत्तम ने बताया कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के आयुक्तों को भी मतदाता सूची के पर्यवेक्षक के रूप में कार्य सौंपा गया है।

उन्होंने बताया कि सभी जिलों को राजनीतिक दलों से नियमित बैठक करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Pakistan में सेना बनाम सरकार, Mohsin Naqvi के बयान से शहबाज शरीफ कैबिनेट में हलचल

Ukraine पर Russia का भीषण हवाई हमला, कीव समेत कई इलाकों में 12 नागरिकों की मौत और 40 घायल

जांच करेंगे और फिर...चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर CJI करेंगे समीक्षा, मुख्य न्यायाधीश को बाहर रखने से जुड़ी क्यूरेटिव याचिका

Bhuvneshwar Kumar की चार साल बाद भारतीय T20I टीम में वापसी, Suresh Raina ने जताई खुशी