By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने हल्द्वानी में एक बुजुर्ग कारोबारी को मोहपाश में फंसाकर ब्लैकमेल करने और धनराशि की वसूली करने की आरोपी महिला की वह याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी जिसमें उसने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने का अनुरोध किया था। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने इसके साथ ही आरोपी महिला की गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक भी हटा ली। इससे पहले, अदालत ने आरोपी महिला को अंतरिम राहत देते हुए उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगायी थी।
याचिकाकर्ता महिला ने खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने का दावा करते हुए कहा था कि कथित अपराधों में उसकी कोई भूमिका नहीं है। उसने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी निरस्त करने और गिरफ्तारी से संरक्षण देने का अनुरोध किया था। हल्द्वानी के एक बुजुर्ग कारोबारी द्वारा इस संबंध में दर्ज करायी गई प्राथमिकी में कहा गया है कि महिला ने उसे मोहपाश में फंसाकर ब्लैकमेल किया और उससे करोड़ों रुपये की मांग की।
कारोबारी का आरोप है कि महिला ने उसकी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलने का प्रयास किया और उसकी संपत्ति पर भी अवैध रूप से कब्जा कर लिया। कारोबारी ने अपनी जान और संपत्ति को खतरा बताते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत करके आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बाद आरोपी महिला ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर करके प्राथमिकी को चुनौती दी थी और गिरफ्तारी से राहत का अनुरोध किया था।