By अभिनय आकाश | Nov 04, 2025
भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के हालिया बयान की निंदा की है। कृष्णमूर्ति ने कहा कि यह निराशाजनक है कि उपराष्ट्रपति अपने बयान से देश में बढ़ते एंटी हिंदू माहौल को और बढ़ावा दे रहे हैं। कृष्णमूर्ति ने कहा कि जब हिंदू और भारतीय-अमेरिकी समुदाय बढ़ते पूर्वाग्रह का सामना कर रहे हैं, तो उपराष्ट्रपति का यह बयान निराशाजनक है। वेंस ने अपनी हिंदू पत्नी उषा वेंस की धार्मिक आस्था पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह उम्मीद करते हैं कि उनकी पत्नी चर्च से प्रभावित होंगी। वेंस ने बाद में स्पष्ट किया था कि उनकी पत्नी का धर्म परिवर्तन का कोई इरादा नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि लेकिन अगर वह ऐसा नहीं करती है, तो ईश्वर कहते हैं कि हर किसी के पास स्वतंत्र इच्छाशक्ति होती है, और इसलिए इससे मुझे कोई समस्या नहीं होती। यह ऐसी चीज है जिसे आप अपने दोस्तों, अपने परिवार और उस व्यक्ति के साथ मिलकर सुलझाते हैं जिससे आप प्यार करते हैं। हालांकि, उसी हफ्ते बाद में वेंस ने कहा कि उनकी पत्नी की धर्म परिवर्तन करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह ईसाई नहीं है और न ही धर्म परिवर्तन करने की उनकी कोई योजना है, लेकिन अंतरधार्मिक विवाह या किसी भी अंतरधार्मिक रिश्ते में रहने वाले कई लोगों की तरह, मुझे उम्मीद है कि एक दिन वह भी मेरी तरह चीज़ों को देख पाएंगी। फिर भी, मैं उनसे प्यार और समर्थन करता रहूंगा और उनसे आस्था, जीवन और बाकी सब चीजों के बारे में बात करता रहूंगा, क्योंकि वह मेरी पत्नी हैं।