आयोजक की आपराधिक पृष्ठभूमि के चलते Chenthi कार्यक्रम में नहीं गया: VD Satheesan

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 02, 2026

तिरुवनंतपुरम, दो सितंबर केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि उन्होंने दो सप्ताह पहले यहां चेंथी में आयोजित श्री नारायण जयंती कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला इसलिए रद्द किया क्योंकि उन्हें बताया गया था कि कार्यक्रम का आयोजन एक ऐसे व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है जिसकी ‘‘आपराधिक पृष्ठभूमि’’ है और इसके बाद उन्हें पुलिस रिपोर्ट भी मिली थी। सतीशन ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें आयोजक की आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस रिपोर्ट हासिल की और कार्यक्रम में नहीं जाने का निर्णय लिया।

सतीशन ने बताया कि वह पास के चेम्पाझंथी जा रहे थे, तभी उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को वहां खड़ा देखा और अपना वाहन रोक दिया। उन्होंने कहा, ‘‘किसी ने मेरा रास्ता नहीं रोका था। जब उन्होंने मुझे पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए कहा तो मैं वाहन से उतरा।

तभी उस व्यक्ति (अनिल) ने मुझसे अनुचित तरीके से बात की। मैं वहां कोई विवाद पैदा नहीं करना चाहता था, इसलिए वापस लौट गया।’’ सतीशन ने कहा कि पुलिस ने अपने स्तर पर मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि वह तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) से जुड़े रहे अनिल कुमार को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता। मेरा उनसे कोई निजी परिचय नहीं है। मैं उनके घर गया था, लेकिन इसलिए क्योंकि मैं उनकी पत्नी को जानता था, जो पूर्व पार्षद थीं।

स्थानीय निकाय चुनाव के बाद उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद मैं उनके घर गया था।’’ सतीशन ने कहा, ‘‘इस मामले में मुझे और कुछ नहीं कहना है। पुलिस जांच कर रही है और मैं इस पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।’’ अनिल कुमार को पिछले सप्ताह कथित तौर पर सतीशन के आधिकारिक काफिले को रोकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

उस समय मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, अनिल और अन्य लोगों ने कथित तौर पर सतीशन के काफिले को रोक दिया था और उनसे खुद के द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की मांग की थी, जबकि वह कार्यक्रम मुख्यमंत्री के स्वीकृत कार्यक्रमों की सूची में शामिल नहीं था। इसके बाद कांग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार को पार्टी से हटा दिया।

पुलिस ने यह भी बताया है कि अनिल का नाम श्रीकार्यम पुलिस थाने की ‘राउडी हिस्ट्री शीट’ (आरएचएस) में शामिल है और उसके खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।

प्रमुख खबरें

CM Yogi ने UPCOS लॉन्च कर पिछली सरकारों पर साधा निशाना, आउटसोर्स कर्मचारी बोझ नहीं, संपत्ति हैं

Tatsuya Fujimoto बने Iffco-Tokio General Insurance के नए MD and CEO, Subrata Mondal की ली जगह

Maharashtra Government का बड़ा फैसला, सरकारी कर्मचारियों के लिए 70 साल पुरानी Mandatory Hindi Exam खत्म

Srinagar में राज्य के दर्जे की मांग पर अड़ी National Conference, पुलिस ने रोका BJP दफ्तर का घेराव