By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
फिल्म जगत से लेकर सिने प्रेमियों के लिए 24 नवंबर एक दुख भरी याद लेकर आता है। ‘‘सत्यकाम’’ से लेकर ‘‘शोले’’ तक 300 से ज्यादा फिल्मों में काम करके मनोरंजन जगत में एक अलग मुकाम हासिल करने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर, 2025 को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। धर्मेंद्र ने दिल भी तेरा हम भी तेरे से अपने करियर की शुरुआत की और ‘‘शोले’’, चुपके-चुपके , सत्यकाम , अनुपमा , सीता और गीता जैसी कई हिट फ़िल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभाईं।
‘सत्यकाम’ के सिद्धांतवादी सत्यप्रिय कैदी से लेकर ‘चुपके चुपके’ के प्रोफेसर परिमल त्रिपाठी या प्यारे मोहन इलाहाबादी की अविस्मरणीय भूमिका निभाने वाले धर्मेंद्र का जिक्र फिल्म ‘शोले’ में शराब पीकर पानी की टंकी पर चढकर बसंती की मौसी से नाराजगी जताने वाले वीरू के किरदार या ‘कुत्ते मैं तेरा खून पी जाऊंगा’ कहते हुए नायक के रूप में भी बहुत होता है। अस्सी के दशक के ‘हीमैन’ मार्का किरदारों से इतर धर्मेंद्र ने साठ-सत्तर के दशक में बिमल रॉय और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे निर्देशकों के साथ भावप्रणव अभिनय की छाप छोड़ी थी। दशकों तक धर्मेंद्र ने बड़े पर्दे पर राज किया लेकिन 2004 में राजनीति में आ गए और राजस्थान के बीकानेर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़कर सांसद बने।
पाकिस्तान में 24 नवंबर की तारीख को इसलिए महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि 2007 में इसी दिन पड़ोसी देश के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ आठ वर्षों के निर्वासन के बाद स्वदेश लौटे थे। स्वदेश लौटने के बाद शरीफ ने 2008 में हुए चुनावों में भागीदारी की और इस चुनाव के बाद ही जनरल परवेज मुशर्रफ के सैन्य शासन का अंत हुआ था। देश-दुनिया में 24 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1874 : अमेरिका के खोजकर्ता जोसेफ फरवेल ग्लिडन ने वाणिज्यिक रूप से सफल कांटेदार तार का पेटेंट हासिल किया।
1963 : अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी की हत्या के आरोपी ली हार्वे ऑस्वाल्ड को जैक रूबी ने पुलिस हिरासत में गोली मार दी। यह घटना टेलीविजन पर लाइव प्रसारित हुई। 1966 : बुल्गारिया का यात्री विमान चेकोस्लोवाकिया (वर्तमान स्लोवाकिया) के ब्रातिस्लावा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार सभी 74 यात्रियों और चालक दल के आठ सदस्यों की मौत हो गई।
1976 : पूर्वी तुर्की के वान प्रांत स्थित कैल्ड्रन मुरादिया क्षेत्र में 7.3 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया जिसमें चार हजार से अधिक लोग मारे गए और 80 फीसदी अवसंरचना नष्ट हो गई। 1992 : चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट 3943 (बोइंग 737-300) ग्वांगझू से गुइलिन जाते समय गुइलिन के पास पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सभी 141 लोगों (131 यात्री और 10 चालक दल के सदस्य) की मौत हो गई थी। 1999 : चीन के तट के पास पीले सागर में तूफान के दौरान डैशुन नामक यात्री जहाज में आग लग गई और वह डूब गया।
इस हादसे में 280 से अधिक लोगों की मौत हुई। इसी दिन भारत की कुंजुरानी देवी ने एथेंस में विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। 2001 : तुर्की की ग्रैंड नेशनल एसेम्बली ने देश के कानून में बदलाव करके महिलाओं को कानूनी तौर पर पुरुषों के बराबर ला खड़ा किया।
2006 : पाकिस्तान और चीन ने एक मुक्त व्यापार क्षेत्र संधि पर हस्ताक्षर किये तथा अवाक्स बनाने पर भी सहमति हुई। 2007 : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ आठ वर्षों के निर्वासन के बाद स्वदेश लौटे। 2012 : बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास ताज़रीन फैशन फैक्ट्री में भीषण आग लगी।
इस दुर्घटना में 112 श्रमिकों की मौत हुई और लगभग 200 लोग घायल हुए। 2017 : मिस्र के उत्तरी सिनाई की अल-रौदा मस्जिद में नमाज के दौरान आतंकवादियों ने बम विस्फोट और गोलीबारी की। इस भयावह हमले में 27 बच्चों सहित 305 लोगों की मौत हुई और 120 से अधिक घायल हुए।
2018 : भारतीय महिला मुक्केबाजी की सुपरस्टार एम सी मेरीकॉम (48 किग्रा) ने दसवीं महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। 2020 : भारत सरकार ने अली एक्सप्रेस, अलीपे कैशिअर, कैमकार्ड समेत 43 और चीनी मोबाइल ऐप पर पाबंदी लगाई। 2021 : इंग्लिश चैनल में नौका डूबने से कम से कम 31 लोगों की मौत।
2025 : ‘‘सत्यकाम’’ से लेकर ‘‘शोले’’ तक 300 से ज्यादा फिल्मों में काम करके मनोरंजन जगत में एक अलग मुकाम हासिल करने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन।