By अभिनय आकाश | Oct 16, 2026
भारतीय नौसेना शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कारवार नौसैनिक अड्डे पर 'समर्थक' को कमीशन करने जा रही है। भारत सरकार की मेक इन इंडिया पहल के तहत लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (L&T) द्वारा निर्मित, समर्थक उन दो मल्टी-पर्पस वेसल्स (बहु-उद्देश्यीय जहाजों) में से पहला है, जिन्हें भारतीय नौसेना में शामिल किया जा रहा है। समर्थक को भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की उपस्थिति में कमीशन किया जाएगा। एक्स पर एक पोस्ट में भारतीय नौसेना ने लिखा भारत की समुद्री ताकत को मजबूत करना! मल्टी-पर्पस वेसल समर्थक को #भारतीयनौसेना में शामिल किया जा रहा है, जिसे भारत के माननीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की उपस्थिति में कमीशन किया जाएगा। 16 अक्टूबर 2026, कारवार, सुबह 11:10 बजे IST। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इसे शामिल किया जाना भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह नौसेना के भविष्य का एक अहम हिस्सा बनेगा और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अभियानों के लिए एक आदर्श 'उपयोगी' (यूटिलिटी) जहाज साबित होगा।