उपराष्ट्रपति चुनाव: राजग उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने दाखिल किया नामांकन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 18, 2022

नयी दिल्ली। भारत के नये उपराष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए आगामी छह अगस्त को होने वाले चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में धनखड़ ने नामांकन दाखिल किया।

इसे भी पढ़ें: नकली लोन ऐप के जरिए भारत के लोगों को ठगते थे 3 चीनी नागरिक, जारी किया गया लुकआउट नोटिस

नामांकन दाखिल करने के समय जनता दल (यूनाईटेड) के राजीव रंजन सिंह, बीजू जनता दल के पिनाकी मिश्रा, ऑल इंडिया अन्नाद्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के एम थंबी दुरई, तमिल मनीला कांग्रेस के जी के वासन, असम गण परिषद के बीरेंद्र प्रसाद वैश्य, लोक जनशक्ति पार्टी के नेता व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस, अपना दल (एस) की अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले भी मौजूद थे।

नामांकन दाखिल करने से पहले धनखड़ ने उनका समर्थन कर रहे विभिन्न दलों के सांसदों के साथ संसद भवन परिसर में एक बैठक भी की। प्रधानमंत्री मोदी भी इस बैठक में मौजूद थे। उनके अलावा बीजू जनता दल और लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद भी इस अवसर पर मौजूद थे। विपक्षी दलों ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा को मैदान में उतारा है। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई है।

उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के पदेन सभापति के रूप में धनखड़ का निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है क्योंकि लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचक मंडल में भाजपा बहुमत में है। संसद सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 में अकेले भाजपा के 394 सदस्य हैं और यह संख्या 390 के बहुमत के आंकड़े से ज्यादा है। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है और नये उपराष्ट्रपति 11 अगस्त को पदभार ग्रहण करेंगे।

प्रमुख खबरें

कॉजपा प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 25,000 जवान तैनात, 45 Metro स्टेशनों पर रोक

Donald Trump ने केटी जकारिया को बनाया White House की नई प्रेस सचिव

बाल शोषण के मामले में Rohan Rane को Paris की अदालत ने सुनाई 20 साल जेल की सजा

Brazil के Curitiba में स्कूल में 13 बच्चों को बंधक बनाने वाला हमलावर पुलिस कार्रवाई में ढेर