By अंकित सिंह | Dec 27, 2023
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने और देशवासियों को जोड़ने का ये अभियान लगातार विस्तार ले रहा है, दूर-दूर के गांवों तक पहुंच रहा है। युवा हो, महिला हो या गांव के वरिष्ठ नागरिक हों, ये सब आज मोदी की गारंटी की गाड़ी का इंतजार करते हैं और इस गाड़ी के कार्यक्रम का इंतजाम भी करते हैं। उन्होंने कहा कि इस महा-अभियान को सफल बनाने के लिए मैं आप सभी देशवासियों के आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के जीवन में बदलाव ‘साहस, संतुष्टि और सपनों’ से भरी कहानी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी की गारंटी वाली गाड़ी जहां भी जा रही है, वहां लोगों का विश्वास बढ़ा रही है। यात्रा शुरू होने के बाद उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए 4.5 लाख नए लाभार्थियों ने आवेदन किया है। यात्रा के दौरान मौके पर ही 1 करोड़ आयुष्मान कार्ड दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार देशव्यापी हेल्थ चेकअप हो रहा है। लगभग 1.25 करोड़ लोगों का हेल्थ चेकअप हो चुका है। 70 लाख लोगों की TB से जुड़ी जांच पूरी हो चुकी है। 15 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच हुई है। आजकल तो आयुष्मान भारत कार्ड के साथ-साथ ABHA कार्ड भी तेजी से बनाए जा रहे हैं।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए, गांवों में महिलाओं को स्वरोजगार देने के लिए भारत सरकार बहुत बड़ा अभियान चला रही है। बीते वर्षों में देश में लगभग 10 करोड़ बहन-बेटियां और दीदियां SHG (स्वयं सहायता समूह) से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान हमें 'वोकल फॉर लोकल का संदेश गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचाना है। भारत के युवाओं, किसानों का श्रम और भारत की मिट्टी की महक जिसमें हो, ऐसे सामान को खरीदें और उसका प्रचार-प्रसार करें।