Vinesh Phogat की WFI को खुली चुनौती, बोलीं- 'क्या हार मानकर संन्यास ले लूं?'

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 11, 2026

भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) से नये विवाद की शुरूआत करते हुए विनेश फोगाट ने महासंघ द्वारा लगाये गए प्रतिबंध को धता बताते हुए सोमवार को कहा कि वह संन्यास नहीं लेंगी और राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेंगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वह डब्ल्यूएफआई के कारण बताओ नोटिस का जवाब दे चुकी हैं और संन्यास से वापसी की पात्रता रखती हैं। वहीं महासंघ ने कहा कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी होने तक वह टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकती हैं।

उन्होंने एक छोटा जवाब दे दिया है और 14 दिन के भीतर पूरा जवाब देंगी। डब्ल्यूएफआई सूत्रों ने हालांकि कहा कि महासंघ उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है और उसका मानना है कि विनेश ने सिर्फ पात्रता के पहलू पर जवाब दिया है जबकि उनके खिलाफ लगाये गए अनुशासनहीनता के आरोपों का जवाब नहीं दे सकी हैं। महासंघ के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा ,‘‘ उनका जवाब पूरा नहीं है। उन्होंने पूरे कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिया है। जब तक अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी नहीं हो जाती , वह भाग नहीं ले सकती।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ हम उन्हें यहां आने से नहीं रोकेंगे लेकिन हर मसले पर पूरा स्पष्टीकरण मिलने तक उन्हें इंतजार करना होगा।’’ विवाद की शुरूआत तब हुई जब डब्ल्यूएफआई ने विनेश को तल्ख कारण बताओ नोटिस जारी करके उन पर अनुशासनहीनता, महासंघ के नियम तोड़ने और डोपिंग रोधी प्रक्रिया के उल्लंघन का आरोप लगाया।

इससे पहले विनेश ने दावा किया था कि महासंघ उसकी वापसी रोकने का प्रयास कर रहा है। महासंघ ने यह भी कहा कि गलत धारणा फैलाई जा रही है कि विनेश को भागीदारी से रोकने के लिये राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में चयन के मानदंड बदले गए हैं। विनेश ने पेरिस ओलंपिक 2024 में महिलाओं के 50 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक के मुकाबले से अयोग्य करार दिये जाने के बाद कुश्ती से संन्यास ले लिया था।

विनेश के पति सोमबीर राठी ने कहा कि उसने आधिकारिक रूप से संन्यास की कभी घोषणा नहीं की और सिर्फ सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वहीं डब्ल्यूएफआई का कहना है कि दिसंबर 2024 में यूडब्ल्यूडब्ल्यू के पत्र में कहा गया है कि उसने इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) को इसके बारे में बताया था।

महासंघ ने उनसे चार प्रमुख आरोपों पर सफाई मांगी है जिसमें 2024 पेरिस ओलंपिक से अयोग्य करार दिये जाने, डोपिंग रोधी नियमों के तहत ठौर ठिकाना बताने में कथित तौर पर नाकाम रहने और आईओए द्वारा नियुक्त तत्कालीन तदर्थ समिति द्वारा मार्च 2024 में कराये गए ट्रायल में दो भार वर्गों में भाग लेना शामिल है। महिला पहलवानों का वजन सोमवार को शाम पांच से सात बजे के बीच किया जायेगा और प्रतियोगिता मंगलवार को है।

प्रमुख खबरें

UP International Trade Show: महिला Self Help Groups ने कंपनियों के साथ किए 30 MoU

LPU के छात्रों की सुरक्षा पर John Brittas ने CM Bhagwant Mann को लिखा पत्र

Delhi Weather: राजधानी में बढ़ेगा पारा, IMD ने दी सुहावने मौसम के खत्म होने की जानकारी

चेन्नई में SIT ने ग्रेनाइट कारोबारी R Veeramani पर दर्ज किया नया POCSO केस