बंगाल में हिंसा जारी, हत्याओं का दोष एक-दूसरे के सिर मढ़ रहे हैं TMC और BJP

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 12, 2019

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनावों के बाद जारी हिंसा के दौर में पिछले 24 घंटे में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग मारे गए हैं और तृणमूल कांग्रेस तथा भाजपा इन हत्याओं का दोष एक-दूसरे के सिर मढ़ रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दावा कर रही हैं कि भाजपा ‘‘बंगाल को गुजरात में बदलने की योजना बना रही है’’ और वह ऐसा बिलकुल नहीं होने देंगी। बनर्जी ने मंगलवार को दावा किया कि लोकसभा चुनावों के बाद से 10 लोगों की मौत हुई है और इनमें से आठ तृणमूल कांग्रेस के लोग हैं, बाकि भाजपा के समर्थक हैं। उन्होंने हालांकि 10 लोगों के मारे जाने के संबंध में कोई और जानकारी नहीं दी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात के बाद हुई हिंसा की दो घटनाओं में तीन लोग मारे गए हैं। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के कानकिनारा में सोमवार देर रात बम से हुये हमले में दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गये।

इसे भी पढ़ें: अबकी बार भ्रष्टाचार-कदाचार पर वार, 12 आयकर अधिकारी जबरन रिटायर

इसपर जोर देते हुए कि चुनाव के बाद हुई हिंसा में हुई हत्याओं की जांच की जाएगी, बनर्जी ने कहा, ‘‘प्रत्येक मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मुख्य सचिव से कहूंगी कि वह आपदा प्रबंधन कोष से सभी 10 मृतकों के परिजन को सहायता प्रदान करें।’’ इसपर पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय ने मंगलवार को आरोप लगाया कि संदेशखली में हिंसा के लिए बनर्जी जिम्मेदार हैं। उनके भाषणों ने लोगों को भाजपा समर्थकों पर हमले के लिए उकसाया। कानकिनारा में हुई हिंसा में मरने वालों की पहचान मोहम्मद मुख्तार और मोहब्बत हलीम के रूप में की गई है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तृणमूल जिलाध्यक्ष और राज्य मंत्री ज्योतिप्रिया मल्लिक ने आरोप लगाया कि भाजपा के किराए के अपराधियों ने इन लोगों को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उन्होंने लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल को वोट दिया था। बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि यह घटना पारिवारिक विवाद का मामला है तथा इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हलीम की मौके पर ही जबकि मुख्तार की अस्पताल में मौत हो गई।

प्रमुख खबरें

Fake Emergency Chapter Controversy | सावधान! सोशल मीडिया पर घूम रही है NCERT की नकली किताब, काउंसिल लेगी कानूनी एक्शन

Venezuela Earthquakes | 32 की मौत- 700 से ज्यादा घायल, पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक, बोले- संकट में हर संभव मदद को तैयार है भारत

Prabhasakshi NewsRoom: Indira Gandhi ने क्यों लगाई थी Emergency? Congress ने क्यों आधी रात को छीन लिये थे नागरिकों के सारे अधिकार?

Pune Murder Mystery | परफेक्ट मर्डर के लिए 238 घंटे की सीक्रेट प्लानिंग! आरोपी चेतन ने पुलिस को चकमा देने के लिए नौकर के फोन से बुना था जाल