By एकता | Oct 26, 2026
दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के एक कर्मचारी के कथित बयान को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कर्मचारी पर यात्री से यह कहने का आरोप है, “स्पाइसजेट सस्ता है, इसलिए आए हो आप।” यह वीडियो 25 अक्टूबर को सामने आया था। इसमें यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के बीच तीखी बहस होती दिख रही है। कुछ यात्रियों को “शेम ऑन स्पाइसजेट” कहते हुए भी सुना जा सकता है।
वीडियो में कुछ यात्री स्पाइसजेट के काउंटर के पास एयरलाइन कर्मचारियों से बहस करते दिखाई दे रहे हैं। बहस धीरे-धीरे बढ़ती जाती है। एक महिला यात्री कर्मचारी से जवाब मांगती सुनाई देती है, जबकि कुछ दूसरे यात्री भी इस बहस में शामिल हो जाते हैं। इस दौरान कुछ यात्रियों को “शेम ऑन स्पाइसजेट” के नारे लगाते हुए सुना जा सकता है।
इसी बहस के दौरान एयरलाइन के किराए को लेकर कर्मचारी के कथित कमेंट ने मामला और गर्म कर दिया। एक महिला यात्री कर्मचारियों की सैलरी को लेकर भी टिप्पणी करती सुनाई देती है। वह कहती है, “इन लोगों की सैलरी 20-25 हजार होगी।” घटना के दौरान सीआईएसएफ के जवान भी पास में दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो से यह पूरी तरह साफ नहीं होता कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई थी। घटना को फ्लाइट में देरी से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन बहस से पहले क्या हुआ था, इसकी पूरी जानकारी वीडियो से सामने नहीं आती।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय भी बंट गई है। कुछ लोगों ने एयरलाइन कर्मचारी के कथित कमेंट को अपमानजनक और गैर-पेशेवर बताया है और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
एक यूजर ने लिखा, “यात्रियों से यह कहना कि ‘स्पाइसजेट सस्ता है, इसलिए आए हो’ अपमानजनक और पूरी तरह गैर-पेशेवर है। यात्री की इज्जत कोई महंगी सुविधा नहीं है।” यूजर ने स्पाइसजेट और डीजीसीए को टैग करते हुए घटना की जांच और कार्रवाई की मांग की।
वहीं, एक दूसरे यूजर ने इस घटना को अलग नजरिए से देखा। उसने लिखा, “उसने सिर्फ महिला के इस सवाल का जवाब दिया कि आप सबसे सस्ते हैं? स्टाफ नई फ्लाइट नहीं बना सकता। सिर्फ भारतीय ही चिल्लाते, परेशान करते और धमकी देते हैं। दूसरे देशों में ऐसा करने पर उन्हें बाहर निकाल दिया जाता।”
वीडियो के वायरल होने के बाद अब इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी और क्या एयरलाइन इस मामले में कोई कार्रवाई करेगी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक स्पाइसजेट या एयरपोर्ट अधिकारियों की ओर से इस खास घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।