By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 18, 2022
भोपाल स्थित टैगोर विश्वविद्यालय के साहित्य, कला और संस्कृति के टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य कला के छह दिवसीय महोत्सव ‘‘विश्वरंग’’ का शुभारंभ बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने किया। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित विश्वरंग महोत्सव का यह चौथा संस्करण है। इसमें देश विदेश के हजारों रचनाकार, कलाकार, साहित्यकार शामिल हो रहे हैं। शुभारंभ के मौके पर यहां कुशाभाऊ इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर मिंटो हॉल परिसर में विश्व शांति और सद्भावना यात्रा का आयोजन किया गया।
डॉ. पल्लवी राव चतुर्वेदी ने विश्वरंग के साथ शुरू होने वाले बाल महोत्सव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने विश्वरंग के अनेक रंगों को अपने वक्तव्य में समेटा और साथ ही डॉ. अदिति चतुर्वेदी ने विश्वरंग के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुभ संदेश पत्र का वाचन किया। उद्घाटन समारोह में सागर के राष्ट्रीय शहनाई वादक हाजी मोहम्मद याकूब अली खान, असम के क्रिस्तेनि ग्रुप तथा बॉलीवुड और फोक सिंगर पपॉन ने अपनी प्रस्तुतियां दी। छह दिवसीय विश्वरंग महोत्सव का समापन 22 नवंबर को होगा।