Vithya Ramraj और Asian Games पदक विजेताओं को मुंबई में मिला सम्मान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

एथलीट विथ्या रामराज और गुरिंदरवीर सिंह के अलावा एशियाई खेल 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शनिवार को यहां आयोजित ‘हार्ट ऑफ गोल्ड’ समारोह में सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में हरिता भद्रा और कबड्डी खिलाड़ी असलम इनामदार शामिल थे। खेल विपणन एवं प्रबंधन एजेंसी ‘एलीट स्पोर्ट्स मैनेजमेंट’ की ओर से आयोजित इस समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों के साथ उनकी संघर्षपूर्ण यात्रा, त्याग, दृढ़ संकल्प और टीम भावना को भी सराहा गया।

एशियाई खेलों में विथ्या रामराज का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने महिला चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण, मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले में रजत और 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता। बाधा दौड़ में 54.75 सेकंड का समय निकालकर उन्होंने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और पीटी उषा के लंबे समय से कायम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

गुरिंदरवीर सिंह और हरिता भद्रा ने भारतीय मिश्रित चार गुणा100 मीटर रिले टीम के सदस्य के रूप में कांस्य पदक जीता। हरिता ने महिला 200 मीटर दौड़ में भी कांस्य पदक अपने नाम किया। कबड्डी खिलाड़ी असलम इनामदार भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा थे, जिसने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

विथ्या ने महिला चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतने के अनुभव को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपनी टीम की एकजुटता और सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हर प्रतियोगिता, हर असफलता और प्रशिक्षण का हर दिन हमें इस उपलब्धि के करीब लेकर आया।

अपने साथियों के साथ जीते गए पदक हमारे आपसी विश्वास और कड़ी मेहनत का परिणाम हैं। मैं आभारी हूं कि हमें ‘हार्ट ऑफ गोल्ड’ समारोह में अपनी इन उपलब्धियों और यात्राओं का जश्न मनाने का अवसर मिला।’’

प्रमुख खबरें

Delhi Metro: DMRC ने बिना वन विभाग की मंजूरी के प्रत्यारोपित किए 180 पेड़, High Court में रिपोर्ट

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा मोड़: दिल्ली की विशेष अदालत ने 14 आरोपियों पर तय किए आरोप, 25 नवंबर से रोज़ाना चलेगा ट्रायल

डार्क वेब पर अग्निवीर का डेटा बेचने की कोशिश में 14 साल का किशोर धराया: दिल्ली में जांच एजेंसियों ने की पूछताछ

Kartik Purnima पर चंद्रमा को जल अर्पित करने से दूर होगा चंद्र दोष और मानसिक तनाव