By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 21, 2026
यूक्रेन से युद्ध शुरू होने के बाद रूस में पहली बार हो रहे संसदीय चुनाव के शुरुआती रुझानों में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की समर्थित यूनाइटेड रशिया पार्टी अपना दबदबा बनाए हुए है। रूस के केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने सोमवार तड़के चुनाव के शुरुआती नतीजे जारी किए। आयोग के अनुसार, करीब 58 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर मतगणना पूरी हो चुकी है और अब तक के रुझानों में पार्टी की सूची के आधार पर चुने जाने वाले 225 सांसदों की सीट पर ‘यूनाइटेड रशिया’ को लगभग 58 प्रतिशत वोट मिले हैं।
हालांकि, इन क्षेत्रों पर रूस का अब भी पूरी तरह नियंत्रण नहीं है। वर्ष 2014 में रूस द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए गए काला सागर स्थित क्रीमिया प्रायद्वीप में भी मतदान हुआ। यूक्रेन ने इन चुनावों को अवैध करार देते हुए इसकी निंदा की, जबकि यूरोपीय संघ ने इसे ‘‘अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन’’ बताया।
इस चुनाव में अधिकांश विपक्षी नेताओं को उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने की अनुमति नहीं दी गई। मतदान ऐसे समय हुआ, जब रूस में सोवियत दौर के बाद से राजनीतिक दमन की स्थिति है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सबसे कड़ी पाबंदियां लागू हैं। शुरुआती नतीजों के मुताबिक, चार अन्य पार्टियां भी संसद के निचले सदन ‘स्टेट ड्यूमा’ में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रही हैं।