By रितिका कमठान | May 13, 2024
जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट पर सोमवार सुबह से मतदान जारी है। इस बार यहां कुल 24 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यहां सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदाता बड़ी संख्या में घर से बाहर निकलकर चुनाव अभियान में हिस्सा ले रहे है।
अधिकारियों ने पांच जिलों में 2,135 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। केंद्र शासित प्रदेश के कश्मीर मंडल के प्रवासी मतदाताओं के लिए विशेष मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें जम्मू में 21, दिल्ली में चार और उधमपुर जिले में एक मतदान केंद्र शामिल है। मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा। विपक्षी गठबंधन इंडिया द्वारा समर्थित नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने प्रभावशाली शिया नेता और पूर्व मंत्री आगा रूहुल्लाह मेहदी को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने अपनी युवा शाखा के अध्यक्ष वहीद पारा को उम्मीदवार बनाया है। अपनी पार्टी ने मोहम्मद अशरफ मीर और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) ने अमीर अहमद भट को चुनाव मैदान में उतारा है। श्रीनगर लोकसभा सीट पर दो महिलाओं सहित 20 अन्य उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।