Maldives में संसदीय चुनाव के लिए मतदान संपन्न, राष्ट्रपति मुइज्जू की पार्टी ने बढ़त बनायी

By Prabhasakshi News Desk | Apr 22, 2024

माले । मालदीव में रविवार को संसदीय चुनाव संपन्न होने के बीच राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के नेतृत्व वाली पीपुल्स नेशनल कांग्रेस प्रचंड जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। मुइज्जू की पार्टी 59 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। यह चुनाव देश के राष्ट्रपति मुइज्जू के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जिनकी नीतियों पर मालदीव में प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे भारत और चीन की नजर रहती है। 

‘‘पीएसएमन्यूज डॉट एमवी’’ की खबर के अनुसार, संसदीय चुनाव के लिए मालदीव और तीन अन्य देशों में कुल 602 मतपेटियां रखी गई थीं। कम से कम 34 रिसॉर्ट्स, जेल और अन्य औद्योगिक द्वीपों में भी मतदान केंद्र बनाये गये थे। खबर के अनुसार, मालदीव के बाहर जिन देशों में मतदान के लिए मतपेटियां रखी गई थीं, उनमें भारत में तिरुवनंतपुरम, श्रीलंका में कोलंबो और मलेशिया में कुआलालंपुर शामिल हैं। कुल 93 निर्वाचन क्षेत्रों में सांसद चुने जाएंगे, जिनमें छह पार्टियों से 368 उम्मीदवार चुनाव मैदान हैं। इन छह दलों में मुइज्जू की पीपुल्स नेशनल कांग्रेस (पीएनसी), मुख्य विपक्षी मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) और 130 निर्दलीय शामिल हैं। 

समाचार पोर्टल ‘‘सन डॉट एमवी’’ की खबर के अनुसार पीएनसी ने 90 उम्मीदवार, एमडीपी ने 89, डेमोक्रेट्स ने 39, जम्हूरी पार्टी (जेपी) ने 10, मालदीव्स डेवलपमेंट अलायंस (एमडीए) और अधालथ पार्टी (एपी) ने चार-चार तथा मालदीव्स नेशनल पार्टी (एमएनपी) ने दो उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। चीन समर्थक नेता के रूप में देखे जाने वाले मुइज्जू के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण है, क्योंकि चुनाव से कुछ ही दिन पहले, विपक्षी दलों ने 2018 से उनके कथित भ्रष्टाचार की रिपोर्ट लीक होने के बाद राष्ट्रपति के खिलाफ जांच और महाभियोग चलाये जाने की मांग की। 

हालांकि मुइज्जू ने इस आरोप को खारिज कर दिया। इसके अलावा, जब से मुइज्जू ने पद संभाला है, सांसदों ने उनके तीन नामितों को कैबिनेट में शामिल करने पर रोक लगा दी है। मुइज्जू ने सुबह 8:40 बजे थाजुद्दीन स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने प्रत्येक नागरिक से यथाशीघ्र मतदान के अपने अधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदान के दौरान कोई बड़ा मुद्दा या शिकायत सामने नहीं आई। मालदीव हिंद महासागर में सामरिक रूप से महत्वपूर्ण जगह पर स्थित है। मुइज्जू ने चीन समर्थक रुख अपनाया और देश के एक द्वीप पर तैनात भारतीय सैनिकों को हटाने का काम किया।

प्रमुख खबरें

AMCA Project Update: पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट के लिए Deadline बढ़ी, Vendors ने प्रस्ताव के लिए मांगा समय

US-Canada Trade War: Trump ने वाहनों पर लगाया 50% Import Duty, ऑटो सेक्टर में मचा हड़कंप

Harmanpreet Kaur बोलीं, Asia Cup में भारत किसी एक टीम के बजाय अच्छे खेल पर केंद्रित

Rahul Gandhi ने Modi Government पर साधा निशाना, बोले- देश में चल रहे Two Systems और लूट का खेल