VP CP Radhakrishnan ने Dehradun में कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 20, 2026

उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन ने बुधवार को कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों सदैव साथ-साथ चल सकते हैं। उपराष्ट्रपति ने यह बात यहां इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 2025-27 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रॉयल भूटान वन सेवा के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने नए वन अधिकारियों से विकास और संरक्षण, पारिस्थितिकी सुरक्षा और आजीविका तथा वर्तमान जरूरतों और भावी पीढ़ियों के हितों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने के लिए व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।

उन्होंने वन क्षेत्रों में पीढ़ियों से रह रहे समुदायों के पारंपरिक ज्ञान और अनुभव का सम्मान करने की जरूरत पर भी जोर दिया। वन प्रबंधन में तकनीक की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने अधिकारियों से सुदूर संवेदी, जीआईएस, ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डेटा आधारित प्रणालियों का प्रभावी उपयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि लेकिन तकनीक के साथ क्षेत्रीय अनुभव, विवेकपूर्ण निर्णय क्षमता और स्थानीय लोगों के प्रति संवेदनशीलता भी जरूरी है।

उपराष्ट्रपति ने व्यक्तिगत उपलब्धियों के बजाय सामूहिक प्रयास और टीम भावना को महत्व देने की बात कही। उन्होंने कहा कि निरंतर सामूहिक प्रयास ही मजबूत संस्थानों और राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने वन सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान बैच में 17 प्रतिशत प्रशिक्षु महिलाएं हैं, जो एक उत्साहजनक बदलाव और नारी शक्ति का प्रमाण है। राधाकृष्णन ने प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने कैरियर का मूल्यांकन केवल हासिल किए जाने वाले पदों से नहीं करने की सलाह दी और कहा कि उनकी असली पहचान इस बात से बनेगी कि उन्होंने कितने जंगलों को पुनर्जीवित किया, कितने वन्यजीवों की रक्षा की, कितने समुदायों का विश्वास जीता और आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी विरासत छोड़ी। उन्होंने अधिकारियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि “राष्ट्र प्रथम” होना चाहिए।

उपराष्ट्रपति ने लोक सेवा में सत्यनिष्ठा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सत्यनिष्ठा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और कठिन फैसलों में संविधान, कानून, विज्ञान और व्यापक जनहित ही अधिकारियों के मार्गदर्शक होने चाहिए। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आईजीएनएफए के निदेशक डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रमुख खबरें

Noida कारोबारी से 1.13 करोड़ की Cyber Fraud, शेयर बाजार में निवेश का दिया झांसा

Jaipur Police ने महेश की हत्या के आरोप में पत्नी कविता और प्रेमी गणेश को गिरफ्तार किया

NASA Swift telescope को उच्च कक्षा में भेजने का प्रयास बंद, इस साल पृथ्वी पर गिरेगी

Amit Shah ममल्लापुरम में Southern Zonal Council बैठक की करेंगे अध्यक्षता