VVIP हेलीकॉप्टर मामला: कोर्ट ने मिशेल की CBI हिरासत चार दिन बढाई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 15, 2018

नयी दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को अगस्तावेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदा मामले में गिरफ्तार कथित बिचौलिये क्रिश्चयन मिशेल की सीबीआई हिरासत चार दिन के लिए और बढ़ा दी। ब्रिटेन के 57 वर्षीय नागरिक मिशेल को विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार के सामने पेश किया गया। जांच एजेंसी ने न्यायाधीश से कहा कि उसका सामना इस मामले के विभिन्न दस्तावेजों से कराना है। जांच एजेंसी ने और पांच दिन के लिए मिशेल की हिरासत मांगी। मिशेल को यूएई में गिरफ्तार किया गया था और चार दिसंबर को प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था।

अगले दिन, उसे अदालत के सामने पेश किया गया था और अदालत ने उसे पूछताछ के लिए पांच दिन की हिरासत में सीबीआई को सौंप दिया। बाद में हिरासत और पांच दिन के लिए बढा दी गई थी। मिशेल इस मामले में जांच के दायरे में मौजूद तीन बिचौलियों में से एक है। उनके अलावा दो अन्य बिचौलिये गुइदो हाश्के और कार्लो गेरोसा हैं। अदालत द्वारा मिशेल के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी करने के बाद ईडी और सीबीआई ने उसके खिलाफ इंटरपोल रेड कार्नर नोटिस जारी करवाए थे।

इसे भी पढ़ें: हेलीकॉप्टर मामले में पूर्व वायु सेना प्रमुख त्यागी तथा अन्य को जमानत

सीबीआई का आरोप है कि वीवीआईपी हेलीकाप्टरों की आपूर्ति के लिए आठ फरवरी 2010 को हस्ताक्षरित सौदे से सरकारी राजस्व को करीब 2666 करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ था। ईडी ने जून 2016 में मिशेल के खिलाफ दायर आरोपपत्र में कहा था कि उसे अगस्तावेस्टलैंड से करीब 225 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

प्रमुख खबरें

Ram Mandir CEO Selection: दान विवाद के बीच 5300 आवेदकों में से 18 Shortlisted, इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू

Lok Sabha में विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार ने पेश किए 4 Bill, कार्यवाही हुई स्थगित

पुतिन ने जमीन के सीने पर दिखा दी अपनी ताकत, धड़धड़ाते हुए भारत में ट्रेन लेकर आने वाला है दोस्त रूस! चीन हैरान, अमेरिका परेशान

Uttarakhand: Dhami सरकार की दूरदर्शी रणनीति, आपदा के बाद पुनर्वास और बेहतर भविष्य की तैयारी