व्यापमं एवं ई-टेंडरिंग घोटाला करने वालों को भागने नहीं दिया जाएगा: राहुल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 18, 2018

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि यदि इस साल के अंत में मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनी तो व्यापमं एवं ई-टेंडरिंग घोटाला करने वालों को उद्योगपति विजय माल्या की तरह देश से भागने नहीं दिया जाएगा। यहां भेल दशहरा मैदान में आयोजित कार्यकर्ता संवाद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘मध्यप्रदेश में देश का सबसे बड़ा व्यापमं घोटाला हुआ। इसमें 50 लोगों की हत्या हुई। पूरा प्रदेश जानता है कि व्यापमं में किसको फायदा हुआ। किसने चोरी की है। सब जानते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘इसी प्रकार से प्रदेश में ई-टेंडरिंग घोटाला हुआ।’ राहुल ने कहा, ‘चाहे व्यापमं घोटाला हो, चाहे ई-टेंडरिंग घोटाला हो। यदि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो हम उन्हें (घोटाले बाजों को) उद्योगपति विजय माल्या जैसे भागने नहीं देंगे।’ उन्होंने कहा कि व्यापमं घोटाले ने मध्यप्रदेश में शिक्षा एवं रोजगार की पूरी व्यवस्था नष्ट कर दी है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापमं द्वारा मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए ली गई एमपीएमटी में एवं सरकारी नौकरियों में भर्ती के लिए ली गई परीक्षाओं में धांधली हुई थी।

इसी तरह ई-टेंडरिंग घोटाले का खुलासा सबसे पहले लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) के टेंडर प्रक्रिया में करीब दो महीने पहले हुआ था। एक सजग अधिकारी द्वारा पाया गया कि ई-प्रोक्योंरमेंट पोर्टल में टेम्परिंग करके एक हजार करोड़ रुपए मूल्य के तीन टेंडरों के रेट बदल दिए गए थे। हालांकि गड़बड़ी सामने आने के बाद तीनों टेंडर निरस्त कर दिए गए थे। इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा महिलाओं पर अत्याचार एवं बलात्कार में राज्य नंबर वन है।’

उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश का हर वर्ग परेशान है। कमलनाथ ने भाजपा नीत सरकार पर तंज कसते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने देश को स्वाधीनता दिलाई। पहले हम लड़ते थे गोरों से, अब चोरों से लड़ेंगे।’ आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि तीन महीने में कांग्रेस मध्यप्रदेश में सत्ता में (15 साल बाद) वापस आयेगी।

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस के रिकॉर्ड तोड़ बढ़े दामों को लेकर केन्द्र एवं मध्यप्रदेश की भाजपा नीत सरकारों पर तीखा हमला किया। इस दौरान कांग्रेस ने अपना थीम सॉंग ‘मध्यप्रदेश पुकारे दिल से, वक्त है बदलाव का’ भी लांच किया।

प्रमुख खबरें

Sharad Pawar के हाथ से फिसल रहा Baramati, अजित का बढ़ रहा दबदबा

रायबरेली से नामांकन के बाद बोले राहुल गांधी, बड़े भरोसे के साथ मेरी मां ने मुझे सौंपी परिवार की कर्मभूमि

जीने के लिए केवल कुछ महीने का समय, पत्नी अनीता गोयल को कैंसर, नरेश गोयल की जमानत याचिका पर 6 मई को फैसला

Apple ने भारत में कमाई का बनाया नया रिकॉर्ड, CEO टिम कुक बोले- प्रदर्शन से बहुत खुश हूं