Grace Harris की दमदार पारी से Giants को हराकर वारियर्स ने प्लेऑफ का टिकट पक्का किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 20, 2023

ग्रेस हैरिस की 41 गेंद में 72 रन की आक्रामक पारी के अलावा तहलिया मैकग्रा (38 गेंद में 57 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 78 और सोफी एकलस्टन (13 गेंद में नाबाद 19) के साथ छठे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी कर यूपी वारियर्स को सोमवार को यहां महिला प्रीमियर लीग मैच में गुजरात जाइंट्स पर एक गेंद शेष रहते तीन विकेट की रोमांचक जीत दिला दी। वारियर्स की इस जीत से जाइंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम खिताब की दौड़ से बाहर हो गयी। वारियर्स के साथ मुंबई इंडियन्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमों ने प्लेऑफ में जगह पक्की की।

एकलस्टन ने स्नेह राणा (47 रन पर एक विकेट) की गेंद पर चौका जड़ गुजरात को खिताब की दौड़ से बाहर कर दिया। यूपी वारियर्स की टीम ने पांचवें ओवर में 39 रन पर तीन विकेट गंवा दिया था। मैकग्रा ने इसके बाद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए ग्रेस पर दबाव नहीं बनने दिया। उन्होंने 38 गेंद की पारी में 11 चौके जड़े कर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। लक्ष्य का बचाव करते हुए मोनिका पटेल (27 रन पर एक विकेट) ने दूसरे ओवर में ही वारियर्स की कप्तान अलिसा हीली (12) का विकेट चटकाकर जाइंट्स को अच्छी शुरुआत दिलायी।

किम गार्थ (29 रन पर दो विकेट) ने इसके बाद किरण नवगिरे (चार) और तनुजा कंवर (32 रन पर एक विकेट) ने देविका वैद्य (सात) को पवेलियन की राह  दिखाई। इसके बाद जाइंट्स के खिलाड़ी मैच पर पकड़ बनाये रखने में विफल रहे और हैरिस ने मैकग्रा के साथ शानदार साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इससे पहले डी हेमलता (33 गेंदों पर 57 रन) और एशले गार्डनर (39 गेंदों पर 60 रन) के बीच  93 रन की शानदार साझेदारी से गुजरात जाइंट्स ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

हेमलता ने 33 गेंद की पारी में छह चौके और तीन छक्के जड़े। गार्डनर ने भी अपनी आक्रामक पारी में इतने ही चौके और छक्के लगाये। इस साझेदारी को पार्श्वी चोपड़ा ने हेमलता को आउट कर तोड़ा। पार्श्वी ने इसके बाद गार्डनर को भी एलिसा हीली के हाथों स्टंप करवाया। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लॉरा वोल्वार्ट और सोफिया डंकली ने शुरुआती चार ओवरों में 41 रन की साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दिलायी।

वोल्वार्ट ने पारी की तीसरी गेंद पर ही अंजली सरवानी के खिलाफ चौका जड़ा दिया। उन्होंने राजेश्वरी गायकवाड़ के खिलाफ छक्का जड़कर आक्रामक तेवर दिखाये। इसके बाद डंकली ने कुछ आकर्षक चौके लगाये। अंजली ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर वुलवार्डट को बोल्डकर टीम को पहली सफलता दिलायी। अगले ही ओवर में राजेश्वरी ने डंकली और हरलीन देओल (चार रन) को आउट कर वारियर्स को दोहरी सफलता दिलायी। टीम ने नौ रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिये जिससे पावरप्ले में के बाद स्कोर तीन विकेट पर 50 रन हो गया।

इन विकटों का हालांकि जाइंट्स की रन गति पर कोई असर नहीं पड़ा। हेमलता और गार्डनर की आक्रामक बल्लेबाजी से टीम ने 11वें ओवर में रनों का सैकड़ा पूरा किया। वारियर्स ने हालांकि आखिरी चार ओवर में हेमलता, गार्डनर और अश्वनी कुमारी के विकेट लेकर टीम को 180 रन के अंदर रोक दिया। वारियर्स की तरफ की राजेश्वरी गायकवाड़ और पार्श्वी चोपड़ा ने दो-दो विकेट चटकाये। अंजली और  एकलस्टन को एक-एक सफलता मिली।

प्रमुख खबरें

Pinarayi Vijayan Resignation | केरल में एक युग का अंत! पिनरायी विजयन ने दिया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, UDF की प्रचंड जीत से राज्य में सत्ता परिवर्तन

गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल, बंगाल की जीत पर पीएम मोदी का बदले के बजाय बदलाव का संदेश | PM Narendra Modi Full Speech

UAE Missile Alert: सोमवार को दो बार बजे आपातकालीन सायरन, तनाव के बीच अधिकारी मौन

माकपा ने चुनावी नतीजों को बताया बड़ा झटका, भाजपा की बढ़त को धर्मनिरपेक्षता के लिए चुनौती करार दिया