India vs New Zealand: वाशिंगटन और प्रसिद्ध के झटकों से बैकफुट पर कीवी टीम, लंच तक 157 पर 4 विकेट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को यहां सुबह के सत्र में न्यूजीलैंड के दो विकेट लेकर भारत की जीत की उम्मीदों को बनाए रखा। न्यूजीलैंड ने सुबह दो विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया और लंच तक चार विकेट पर 157 रन बनाए। उसने पहले सत्र में पिछले दिन के अविजित बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (165 गेंदों पर 65 रन) और रचिन रविंद्र (129 गेंदों पर 37 रन) के विकेट गंवाए।

न्यूजीलैंड ने पहले सत्र में केवल 38 रन बनाए। लंच के समय टॉम ब्लंडेल 14 और डैरिल मिचेल आठ रन पर खेल रहे थे। न्यूजीलैंड को अभी परी की हार से बचने के लिए 195 रन चाहिए।

आसमान में बादल छाए हुए थे और बेसिन रिजर्व के दक्षिणी छोर से हवा चल रही थी, जिससे वाशिंगटन को कुछ मदद मिली, जबकि प्रसिद्ध ने दूसरी पारी में काफी बेहतर प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड दिन की शुरुआत में भारत से 233 रन पीछे था और पिच अब भी बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी। लेकिन रविवार शाम को भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने जो कहा था, वह सच साबित हुआ।

मैच के पांचवें दिन पिच की स्थिति से कहीं अधिक मौसम और हवा का रुख ही ज्यादा मायने रख रहा था। कॉनवे और रविंद्र ने जसप्रीत बुमराह और अंशुल कंबोज का अच्छी तरह से सामना किया और तीसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े। हवा के विपरीत दिशा में गेंदबाजी करते हुए वाशिंगटन पहली बार प्रभावी नजर आए।

उन्होंने कॉनवे को आगे बढ़कर खेलने के लिए मजबूर किया, लेकिन गेंद ने उम्मीद से थोड़ा अधिक उछाल लिया जो उनके बल्ले और पैड से लगकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के दस्तानों में चली गई जिन्होंने आगे डाइव लगाकर शानदार कैच लिया। पहली पारी में खराब लेंथ के कारण आलोचना झेलने वाले प्रसिद्ध ने दूसरी पारी में अच्छी लेंथ से गेंदबाजी की। उनकी चौथे स्टंप की लाइन पर की गई एक गेंद रविंद्र के बल्ले का किनारा लेकर दूसरी स्लिप में खड़े केएल राहुल के सुरक्षित हाथों में चली गई।

प्रमुख खबरें

COP31 में जीवाश्म ईंधन और वित्त पर सहमति नहीं, Bhupender Yadav बोले जारी रहेगा प्रयास

Libya में Russian warship मर्कुरी पर Drone हमला, बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर लगी आग

Haryana Congress ने भिवानी के बिधवान में चौपाल लगाकर शुरू किया अभियान

Congress पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का वार, Telangana को दिल्ली का ATM बनाने का लगाया आरोप