राजनीति में हम भी (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | May 25, 2024

गरमी ज़्यादा हो तो चुनाव प्रचार के दीवाने नाश्ते पर ही आ जाते हैं। पांच महिलाएं पार्टी पटका डाले आ गई। पत्नी से पूरे जोश, खरोश और होश से मिली मानों मेरी पत्नी को रोज़ मिलती हों। उन्हें अपने गरीबखाने पर बुलाया, हमारे दौलतखाने में फुर्सत से आने का वायदा किया। पत्नी का हाथ पकड़कर साथ चलने के लिए कहा, आप हाउस लेडी हैं प्रचार करने चलिए। जेब खर्च, चलने का खर्च भी पार्टी देगी। टाइम पास के लिए नौकरी की इच्छा है तो ‘डन’ करवा देंगे। 

इसे भी पढ़ें: विकास की राजनीति की बातें (व्यंग्य)

एक्टिंग करना सीख गई आप, मैंने कहा। अभिनय युग है जनाब, अधिकांश लोग डर, अविश्वास, स्वार्थ, धोखा, झूठ और उदंडता को छिपाकर निडरता, विशवास, निस्वार्थ, भरोसा, सच, सौम्यता का अभिनय कर रहे हैं। बेचारी जनता चुप रहकर बोल रही है। अगर कोई उसकी भाषा समझे तो वह किसी के साथ नहीं है। अखबार, चैनल, मीडिया और नामचीन हस्तियां समझा चुकी हैं कि गधों को नहीं घोड़ों को घास डालें।

नेता ज़्यादा वोट चाहते हैं मगर उन्होंने ही तो मतदाताओं के उत्साह को मुद्दों की उदासी में गुम कर दिया है। वोटर ने मान लिया है कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस की तरह ही वोट दिवस भी एक पेड होलीडे है। उसे किसी ऐसे व्यक्ति के लिए भला क्यूं नष्ट करना जो लाखों खर्च कर करोड़ों कमाना चाहता है। सब कुछ अपने और अपनों के लिए करके उसे इलाके, प्रदेश और देश के लिए बताने वाला है। चुनाव में करोड़पति दिग्गज इसलिए उतरे हैं ताकि ताक़तपति बनने के मौके हथिया लें। चुनाव कोई भी लड़ सकता है लेकिन यह मौक़ा हर किसी को पटाने और बाद में राजनीतिक व्यवसाय करने का होता है।

आज इन सबके दिल से पूछो तो भरपूर दौलत और शोहरत के बावजूद यह सभी, दूसरों से कम अपनी करतूतों से ज्यादा डरे हुए हैं। सब अभिनेता हैं इसलिए काफी कुछ छिपाए हुए हैं। मैंने पूछा, आपको खुश होना चाहिए ज़्यादा महिलाएं चुनाव में भाग्य आज़माना चाहती हैं। क्यों खुश होऊं भला, उनमें से कोई भी हमारे जैसों की रसोई में आकर देखना नहीं चाहेगी कि दाल रोटी जुटाने के लिए कितने पापड़ बेलने पड़ते हैं। पत्नी की बातों से लगा वह भी राजनीति में है।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

IIT Indore अध्ययन: विरोध स्थलों की दूरी और पहुंच तय करती है लोकतांत्रिक प्रदर्शनों का असर

Jayant Chaudhary ने Delhi में जारी प्रदर्शनों पर उठाया सवाल, पुलिस सुरक्षा का किया बचाव

राजस्थान में कथित पुलिस ज्यादती के खिलाफ कॉजपा 10 दिन में करेगी बड़ा आंदोलन

MP Voter List: मतदाता बनने के लिए उमड़े युवा, Form 6 के मिले 4 लाख से अधिक आवेदन