By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 11, 2026
पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच वायदा कारोबार में कच्चे तेल की कीमत बुधवार को 460 रुपये की तेजी के साथ 7,881 रुपये प्रति बैरल हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मार्च महीने की डिलीवरी वाले कच्चे तेल के अनुबंध की कीमत 460 रुपये यानी 6.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,881 रुपये प्रति बैरल हो गई। इसमें 16,930 लॉट का कारोबार हुआ। इसी तरह अप्रैल महीने की डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत भी 462 रुपये यानी लगभग 6.3 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,815 रुपये प्रति बैरल हो गई।
यह 2022 में यूक्रेन पर रूसी हमले के समय जारी किए गए 18.2 करोड़ बैरल से भी अधिक है। आईईए के सदस्य देशों के पास वर्तमान में 1.2 अरब बैरल से अधिक का सार्वजनिक आपातकालीन तेल भंडार है। इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि तेल बाजार वैश्विक घटनाक्रमों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान से जुड़ा संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है, लेकिन बाद में अमेरिकी अधिकारियों के बयानों ने संकेत दिया कि सैन्य अभियान तेज कर दिए गए हैं और कूटनीतिक बातचीत की गुंजाइश कम है।
त्रिवेदी ने कहा कि इस बीच पश्चिम एशिया के प्रमुख उत्पादकों ने सामूहिक रूप से उत्पादन में 60 लाख बैरल प्रतिदिन से अधिक की कटौती की है क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य का मार्ग काफी हद तक प्रतिबंधित बना हुआ है। मंगलवार को अमेरिकी अधिकारियों के विरोधाभासी बयानों ने भी बाजार में अनिश्चितता बढ़ा दी।