West Bengal: निर्माणाधीन इमारत में देसी बम फटने से एक बच्चा घायल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 26, 2025

पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के बसंती में एक निर्माणाधीन इमारत के आंगन में कथित तौर पर रखे एक देसी बम के फटने से सात वर्षीय एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बच्चे को पहले निकटवर्ती एक ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया और बाद में कोलकाता के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अधिकारी ने बताया कि बच्चे की पहचान अब तक उजागर नहीं की गई है।

उन्होंने बताया, “हम घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें यह पता लगाना भी शामिल है कि बच्चा आंगन तक कैसे पहुंचा और वहां बम किसने रखा था।”

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में जांच जारी है। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह राज्य में कानून-व्यवस्था के चरमरा जाने का संकेत है।

उन्होंने आरोप लगाया, “यह घटना दर्शाती है कि पश्चिम बंगाल अराजकता की चपेट में आ गया है और अब बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं।” भट्टाचार्य ने दावा किया कि इमारत का मालिक सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़ा हुआ है।

टीएमसी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य मंत्री शशि पांजा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया तथा कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, “इस घटना का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।” कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि निर्माणाधीन इमारत एक व्यवसायी की है और उसकी जानकारी के बिना बम को वहां नहीं रखा जा सकता था।

प्रमुख खबरें

RRB ALP भर्ती की CBT 1 City Slip जारी, 3 से 5 नवंबर तक आयोजित होगी परीक्षा

कर्नाटक में Siddaramaiah के खिलाफ कथित स्टिंग की BJP ने उठाई जांच की मांग

एक हादसा, एक आंदोलन और ताकतवर राष्ट्रपति को माननी पड़ी हार, सर्बिया में कॉकरोचों ने कैसे उखाड़ फेंकी सत्ता!

PTC India देश में खनिज एक्सचेंज बनाने के लिए 65 करोड़ रुपये करेगी निवेश