By अंकित सिंह | Jul 18, 2024
स्वयंभू धर्मगुरु सूरजपाल उर्फ नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा का हाथरस कांड को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। हाथरस में भोले बाबा का ही सत्संग था जहां भगदड़ के बाद 121 भक्तों की मौत हो गई थी। घटना पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए बाबा ने कहा कि वह 2 जुलाई की घटना के बाद से उदास हैं, उसे कौन रोक सकता है जो होना ही है। उन्होंने कहा कि 2 जुलाई की घटना के बाद से मैं दुखी और उदास हूं, लेकिन जो होना तय है उसे कौन रोक सकता है। जो आया है उसे एक न एक दिन जाना ही है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने घटना की जांच के लिए एक एसआईटी और एक न्यायिक आयोग का गठन किया है। हालाँकि, सिकंदराराऊ पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में बाबा को आरोपी के रूप में उल्लेखित नहीं किया गया था। एसआईटी ने 9 जुलाई को राज्य सरकार को सौंपी अपनी रिपोर्ट में भगदड़ के पीछे 'बड़ी साजिश' से इनकार नहीं किया है. रिपोर्ट में स्थानीय प्रशासन की ओर से हुई चूक का भी जिक्र किया गया है, जिसके कारण भगदड़ मची।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में घटना के लिए आयोजकों को जिम्मेदार ठहराया गया है और दावा किया गया है कि उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इंतजाम नहीं किए और प्रशासन की जिम्मेदारी भी तय की है। भोले बाबा के वकील ने 6 जुलाई को दावा किया था कि "कुछ अज्ञात लोगों" द्वारा "कुछ जहरीला पदार्थ" छिड़कने से भगदड़ मच गई।