क्या है टोमैटो फ्लू ? क्या हैं टोमैटो फ्लू के लक्षण, बीमारी का कारण और उपचार

By योगेश कुमार गोयल | Aug 31, 2022

विगत कुछ वर्षों से देश में नए-नए वायरस दस्तक देकर लोगों को डरा रहे हैं। कोरोना और मंकीपॉक्स के बाद अब बच्चों में टोमैटो फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं, जिसे लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय की चिंता बढ़ गई है। भारत में पहली बार 6 मई को केरल के कोल्लम जिले में एक बच्चे में टोमैटो फ्लू की पुष्टि हुई थी और ‘लांसेट’ जर्नल की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक तब से केरल में इसके 82 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, वहीं ओडिशा में 26 से ज्यादा बच्चे इससे बीमार हो चुके हैं। सभी बच्चों की उम्र 9 साल से कम है और यह वायरल संक्रमण अब केरल तथा उड़ीसा के अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक में भी फैल रहा है। केरल में तो हाल के दिनों में टोमैटो फ्लू के मामलों में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। टोमैटो फ्लू के संबंध में विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर पांच साल तक के बच्चों को निशाना बनाने वाला यह फ्लू आंतों के वायरस के कारण है, जो वायरस से बचाव के लिए पर्याप्त प्रतिरक्षा प्रणाली होने के कारण व्यस्कों में दुर्लभ होता है। संक्रमण को लेकर प्रारंभिक रिपोर्टों में सामने आया है कि यह एक दुर्लभ प्रकार का वायरल संक्रमण है जबकि कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि यह रेयर इंफेक्शन है, जो डेंगू या चिकुनगुनिया के बाद हो सकता है और यह इनका साइड इफेक्ट भी हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: थायराइड होने पर दूध का सेवन करना कितना सुरक्षित? जानिए यहां

फिलहाल टोमैटो फ्लू को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय चिंतित है और कई राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है। इसे खतरनाक बनने से रोकने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। फ्लू के अन्य मामलों की तरह यह भी संक्रामक है, जो छूने से भी फैलता है, इसीलिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा सलाह दी जा रही है कि आपके आसपास यदि कोई इस बीमारी से पीड़ित है तो उससे दूरी बनाकर रखें और खासकर बच्चों को ऐसे मरीज के करीब न आने दें अन्यथा बच्चा बड़ी आसानी से इसका शिकार हो सकता है। यदि आपका बच्चा टोमैटो फ्लू की चपेट में आ गया है तो उसे अलग कमरे में रखते हुए उसके निकट सम्पर्क से बचने का प्रयास करें। ऐसे मरीज को 5-7 दिनों तक आइसोलेशन में रखा जाता है। फ्लू को फैलने से रोकने के लिए संक्रमित बच्चे द्वारा उपयोग किए जाने वाले कपड़े, बर्तन तथा अन्य सामान को अलग से साफ करना बेहद जरूरी है। टोमैटो फ्लू का कोई विशिष्ट उपचार नहीं है, इसलिए इसे केवल लक्षणात्मक रूप से प्रबंधित किया जा सकता है। बच्चे को टोमैटो फ्लू हो जाने पर घर के अंदर तथा आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। बच्चे के शरीर पर लाल चकत्ते होने पर उसे खुजलाने न दें। विशेषज्ञों के मुताबिक इस बीमारी की सबसे बड़ी समस्या रोगी के शरीर में पानी की कमी हो जाना है। इसलिए शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए उसे पानी, फलों का जूस, शर्बत इत्यादि पिलाते रहना बहुत जरूरी है। यदि बच्चा तरल पदार्थ नहीं ले रहा है तो ऐसे स्थिति में उसे अस्पताल में भर्ती कराकर ड्रिप लगवाना जरूरी हो जाता है।

टोमैटो फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बच्चे को तेज बुखार, निर्जलीकरण, टोमैटो के आकार के लाल रंग के बड़े फफोले, चकत्ते, त्वचा में खराश, शरीर में दर्द, जोड़ों में सूजन, पेट में ऐंठन या दर्द, थकान, जी मिचलाना, उल्टी, दस्त, सामान्य से ज्यादा खांसी, नाक बहना इत्यादि शामिल हैं। यदि बच्चे में उपरोक्त लक्षण दिखाई दें तो बिना विलंब किए डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए। यदि बच्चा टोमैटो फ्लू से संक्रमित हो गया है तो डॉक्टर से सम्पर्क करने के अलावा कुछ खास बातों का भी ध्यान रखना जरूरी है। चूंकि इसके बारे में अभी ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है, इसलिए बच्चे को टोमैटो फ्लू हो जाने पर कोई भी घरेलू उपाय नहीं अपनाएं अन्यथा किसी विशेषज्ञ की सलाह के बिना उठाए गए ऐसे कदम समस्या को बेहद गंभीर भी बना सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: अगर शरीर के इन 3 हिस्‍सों पर दिख रहें हैं ऐसे लक्षण, तो समझ लीजिए शरीर में बढ़ रहा है कोलेस्ट्रॉल

चूंकि टोमैटो फ्लू भी चिकनगुनिया, डेंगू और हाथ, पैर तथा मुंह की बीमारी के लक्षणों के समान है, इसलिए इस संक्रामक संक्रमण का इलाज भी इन्हीं के समान माना जा रहा है। टोमैटो फ्लू की अभी तक कोई अलग से दवाई नहीं है बल्कि जो दवाई वायरल संक्रमण होने पर दी जाती है, उसी का इस्तेमाल इसके खिलाफ भी किया जा रहा है। ऐसे मरीज को अलग-थलग रहने, आराम करने तथा खूब सारे तरल पदार्थ पीने और जलन तथा रैशेज से राहत के लिए गर्म पानी के स्पंज की सलाह दी जाती है। टोमैटो फ्लू के लंबे समय तक चलने वाले प्रभाव से बचने के लिए पर्याप्त आराम बेहद जरूरी है।

-योगेश कुमार गोयल

(लेखक 32 वर्षों से पत्रकारिता में निरन्तर सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार हैं)

प्रमुख खबरें

France Social Media Ban: 15 साल से कम उम्र के बच्चों पर पाबंदी, President Macron का ऐतिहासिक फैसला

US-China Relations में सुधार की उम्मीद: Marco Rubio बोले- Xi Jinping की यात्रा से सुलझेंगे आपसी मतभेद

David Warner ने Drink Driving Case में स्वीकार किया अपना जुर्म, 18 August को कोर्ट सुनाएगी अंतिम सजा

Hanuma Vihari ने Shubman Gill की Captaincy पर उठाए सवाल, Kuldeep Yadav को बाहर रखना बताया बड़ी गलती