By अंकित सिंह | Sep 20, 2024
दिल्ली के निवर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपना सरकारी आवास खाली कर देंगे। आम आदमी पार्टी ने इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी। उनकी जगह आतिशी दिल्ली में मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि आखिले मुख्यमंत्री आवास खाली करने के बाद अरविंद केजरीवाल कहां रहेंगे? इसको लेकर आज आम आदमी पार्टी ने बड़ी मांग की है। आम आदमी पार्टी (आप) ने अरविंद केजरीवाल के लिए सरकारी आवास की मांग की और कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी का संयोजक होने के नाते वह इसके हकदार हैं।
आप नेता ने कहा कि उम्मीद है कि हमें इसके लिए कानूनी लड़ाई नहीं लड़नी पड़ेगी। केजरीवाल ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने का फैसला किया है और वह अपना सरकारी आवास छोड़ देंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अरविंद केजरीवाल 22 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर 'जनता की अदालत' करेंगे। इस दौरान वह लोगों को संबोधित भी करेंगे। दिल्ली के निवर्तमान मुख्यमंत्री उच्चतम न्यायालय के जमानत देने के आदेश के बाद पिछले सप्ताह तिहाड़ जेल से बाहर आये।
आप नेता गोपाल राय ने कहा कि पिछले 2 साल में अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी की सभी साजिशों को नाकाम कर दिया और अब आमने-सामने की लड़ाई है। अगर अरविंद केजरीवाल को भारी बहुमत से मुख्यमंत्री बनाया जाए तो देश का सम्मान बढ़ेगा और साजिशकर्ताओं के सम्मान को ठेस पहुंचेगी। इसलिए सभी पदाधिकारियों को अरविंद केजरीवाल बनना होगा। गोपाल राय ने आगे कहा कि 22 सितंबर को जंतर-मंतर पर 'जनता की अदालत' लगेगी, जिसे अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे। आप अपने बूथ-स्तरीय संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में एक भयंकर लड़ाई के लिए तैयारी कर रही है।