By अभिनय आकाश | Oct 17, 2026
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी नई प्रेस सेक्रेटरी कैटी जकारिया को पद से हटा दिया है। यह खबर हैरान करने वाली इसलिए भी है क्योंकि पद पर नियुक्त हुए उन्हें 5 दिन ही हुए थे कि उन्हें अपनी कुर्सी गवानी पड़ी। 9 अक्टूबर को डोनाल्ड ट्रंप ने उनके नाम का ऐलान किया था। 12 अक्टूबर को उन्हें कमान संभालने का मौका मिला और 13 अक्टूबर को उन्होंने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। और यह प्रेस कॉन्फ्रेंस इतनी भारी पड़ गई कि ट्रंप प्रशासन ने पल भर में उनकी छुट्टी कर दी। आखिर कौन है कैटी जकारिया? उनकी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा क्या हुआ था? उनसे ऐसी क्या गलती हुई कि सिर्फ पांच दिनों में उन्हें अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी। उनकी योग्यता को लेकर अचानक क्यों सवाल खड़े होने लगे? इतना ही नहीं राष्ट्रपति ट्रंप और अपने पति पर एक सवाल के दौरान वो कैसे कंफ्यूज हो गई? दरअसल, कैटी जकारिया को 9 अक्टूबर को डोनाल्ड ट्रंप ने वाइट हाउस की नई प्रेस सेक्रेटरी बनाने का ऐलान किया था। उन्होंने कैरोलिन लेविड की जगह ली जो अगस्त में पद छोड़ चुकी थी। जकारिया पहले कंजर्वेटिव मीडिया में राजनीतिक टिप्पणीकार रही थी। वो ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप में संचार सलाहकार के तौर पर भी काम कर चुकी थी। और अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग में भी कुछ समय बिताया था। लेकिन नई जिम्मेदारी संभालने के कुछ ही दिन में उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे। 13 अक्टूबर को उनकी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई जिसके बाद मीडिया में उनके प्रदर्शन और पेशेवर पृष्ठभूमि पर चर्चा तेज हो गई। 16 अक्टूबर को वाइट हाउस के अधिकारियों ने बताया कि जकारिया पद से बाहर हो रही हैं।
जकारिया की पहली ब्रीफिंग के बाद आलोचकों ने सवाल उठाए कि क्या वह इस दबाव वाली भूमिका के लिए पर्याप्त रूप से तैयार थी? क्या वह दुनिया के सबसे ताकतवर राष्ट्रपति की मीडिया टीम को संभालने की क्षमता रखती भी थी या नहीं? यहां एक चीज और जब एक रिपोर्टर ने जकारिया से पूछा कि वह वाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी होने की जिम्मेदारियों के साथ-साथ फैमिली लाइफ को कैसे मैनेज करेंगे? क्योंकि लेविट ने नौकरी छोड़ने की घोषणा करते समय नौकरी की जरूरतों और अपने बच्चों के साथ ज्यादा समय बिताने की अपनी इच्छा का जिक्र किया था। जिस पर कैटी जकारिया कहती हैं कि अपने बच्चों के साथ शाम ना बिताने का विचार तो उनका बिल्कुल नहीं है।