पांचों राज्यों में कौन मुख्यमंत्री कितना है धनवान? जानिए योगी से लेकर चन्नी तक कितनी संपत्ति के मालिक हैं

By अभिनय आकाश | Feb 08, 2022

पांच राज्यों में चुनावी तापमान गर्म होता जा रहा है। यूपी में किसान आंदोलन, लखीमपुर कांड के बाद से ही सियासी पारा लगातार चढ़ा हुआ है। वहीं नेताओं के गर्मी और चर्बी वाले बयानों ने इसकी तपिश को और बढ़ाने का काम किया है। वहीं पंजाब में भी सत्ताधारी कांग्रेस में उठापटक के दौर के बीच सीएम पद को लेकर स्थिति बीते दिनों राहुल गांधी की तरफ से साफ कर दी गई। यूपी से लेकर पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा की जनता के मन में क्या है। इसका पता तो 10 मार्च को वोटिंग के नतीजे के बाद ही पता चलेगा। लेकिन आज आपको बताते हैं कि जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उन पांच राज्यों के मुख्यमंत्री के पास कितनी संपत्ति है।

इसे भी पढ़ें: UP Election 2022| पहले चरण के चुनाव में दिखेगा भाजपा सांसदों-विधायकों का दबदबा!

20 ग्राम की कुंडल, 10 ग्राम की रुद्राक्ष माला

पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहे 49 वर्षीय योगी ने खुद को अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ का पुत्र बताया है। योगी ने अपने नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामें में अपने पास एक करोड़ 54 लाख 94 हजार 54 रुपए की संपत्ति मौजूद होने की जानकारी दी है और यह उनकी चल संपत्ति है। हलफनामें के अचल संपत्ति वाले कॉलम में उन्होंने लागू नहीं लिखा है। योगी ने देनदारियों वाले कॉलम में लागू नहीं का उल्लेख किया है। मुख्यमंत्री ने हलफनामे में बताया है कि उनके पास 20 ग्राम वजन के कुंडल हैं जिनकी कीमत खरीद के समय 49000 रुपये थी। इसके अलावा उनके पास 10 ग्राम की रुद्राक्ष माला है जो सोने की जंजीर में बनी हुई है। इसकी कीमत खरीद के समय 20000 रुपये थी। इसके अलावा उनके पास 12000 रुपये का एक मोबाइल फोन है। योगी ने यह भी घोषित किया है कि उनके पास एक लाख रुपये का रिवाल्वर और 80 हजार रुपये की राइफल भी है। शैक्षणिक योग्यता वाले कॉलम में योगी ने खुद को स्नातक बताया है।

13 लाख की एफडी और 2 लाख की देनदारी

साल 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान पुष्कर सिंह धामी ने हलफनामा दायर किया था उसके मुताबित उनकी कुल संपत्ति 49,15,197 रुपए यानी करीब 49 लाख से अधिक की है। इसके साथ ही उनके ऊपर 2 लाख से अधिक की देनदारी भी है। चल संपत्ति की बात करें तो उनके पास 48 हजार से कुछ अधिक कैश के साथ साथ उनकी पत्नी के पास 38 हजार से कुछ अधिक कैश है। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 13 लाख से अधिक की राशि एफडी के तौर पर जमा है। एनएसए और पोस्टल सेविंग्स में करीब 1, 61, 336 रुपये, एलआईसी और दूसरी पॉलिसी में 15,09,953 रुपए जमा हैं, मोटर गाड़ी के तौर पर स्कूटरस सोना के नाम पर 3 लाख से कुछ अधिक के गहने हैं। इसके अलावा करीब 2 लाख 40 हजार की और संपत्ति है। अचल संपत्ति के तौर गांव नागला तराई में 1.878 एकड़ जमीन है, इने पास ना तो गैर कृषि भूमि, ना ही कॉमर्शियल या आवासीय भवन है। 

फॉर्च्यूनर गाड़ी और 2.62 करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने निर्वाचन आयोग को दिये अपने हलफनामें में 9.44 करोड़ रुपये की संपत्ति की घोषणा की है। हलफनामे में कहा गया है कि 58 वर्षीय चन्नी के पास एक एसयूवी टोयोटा फॉर्च्यूनर है जिसकी कीमत करीब 32.57 लाख रुपये है जबकि उनकी पत्नी के पास 45.99 लाख रुपये कीमत की दो गाड़ियां हैं और वह एक डॉक्टर हैं। पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री के पास 2.62 करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी के पास 6.82 करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति है। हलफनामे के मुताबिक, चन्नी और उनकी पत्नी पर कार ऋण समेत कुल देनदारी 88.35 लाख रुपये है।

इसे भी पढ़ें: यूपी चुनाव प्रचार से गायब हैं मुस्लिम नेता और मतदाता के मुद्दे

39 लाख रुपये की अचल संपत्ति 

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह की कुल चल संपत्ति 69,46,392.98 रुपये है। इसमें हाथ में 1,95,000 रुपये नकद और तीन बैंक खातों में 58,26,872 रुपये की शेष राशि शामिल है। उनके पास 6 लाख रुपये से अधिक की महिंद्रा बोलेरो और एक.32 वाल्टर पिस्टल है। बीरेन सिंह ने 39 लाख रुपये की अचल संपत्ति घोषित की है, जिसमें से 9 लाख रुपये की जमीन स्व-अर्जित है जबकि विरासत में मिली संपत्ति 30 लाख रुपये की है। सिंह पर 1,44,300 रुपये देनदारी (ऋण) के रूप में हैं।

प्रमोद सावंत की इतनी है कुल संपत्ति

प्रमोद सावंत 2017 में उन्होंने गोवा के चुनावों में संकुएलिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उन्होंने चुनाव में इलेक्शन कमीशन को एफिडेविट दिया था। उसमें उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 2,78,98,739 रुपए बताई थी। उन्होंने उस अपने हाथों में कैश 30,000 रुपए दिखाया था। जबकि अपनी पत्नी सुलक्षणा सावंत के हाथों में 15 रुपए दिखाया था।

- अभिनय आकाश

प्रमुख खबरें

राष्ट्रीय राजधानी में PM Modi से मिले Suryakumar Yadav, परिवार भी रहा मौजूद, बच्ची के भजन ने जीता दिल

Bombay High Court और Amitabh Bachchan के घर Jalsa को बम से उड़ाने की धमकी, जांच शुरू

यह क्रिकेट का मैदान है... आजाद मैदान में Ranveer Singh की Pralay की शूटिंग पर मचा बवाल

Kerala High Court का निर्देश, SNDP नेता Vellappally Natesan पर दो हफ्ते में दाखिल हो चार्जशीट