By अभिनय आकाश | Nov 27, 2026
हमारे देश के इतिहास में कुछ ऐसे फैसले लिए जाते हैं, जिससे देश की दशा और दिशा बदल जाती है। कभी भले के लिए तो कभी बुरे के लिए। इंदिरा गांधी के इमरजेंसी, मनमोहन सिंह का आर्थिक उदारीकरण, वाजपेयी का न्यूक्लियर टेस्ट और मोदी की नोटबंदी। लेकिन 26 नवंबर को शाम करीब सात बजे देश के संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू का एक पोस्ट आता है। बताया जाता है कि केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों को दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा। गौर करने वाली बात ये है कि रिजिजू के पोस्ट में पूरे शीतकालीन सत्र की बजाए दोनों सदनों को दोबारा बुलाने और जरूरी सरकारी काम-काज निपटाने का जिक्र है। यानी प्रस्तावित शेड्यूल के हिसाब से लोकसभा अधिकतम 4 दिन और राज्यसभा 2 दिन चल सकती है। इस ऐलान की टाइमिंग इसलिए अहम है क्योंकि इससे कुछ ही घंटे पहले दिल्ली में संविधान बचाओ प्रदर्शन के दौरा कांग्रेस के संगठन महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने सीधे संसद सत्र पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि 13 अगस्त को संसद का मानसून सत्र खत्म हुए 106 दिन बीत चुके हैं, लेकिन 26 नवंबर तक भी ये साफ नहीं है कि शीतकालीन सत्र होगा या नहीं। उन्होंने मोदी सरकार पर पार्दशिता की कमी,जनता को धोखा देने और संसद का मजाक बनाने का आरोप लगाया था। अब 26 नवंबर की शाम को आए इस अपडेट के बाद सब की नजरें 30 नवंबर को होने वाली संक्षिप्त बैठक के एजेंडे पर टिक गई है। इसमें सबसे गौर करने वाली बात आपको बता दें कि मानसून सत्र का अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है। इस हिसाब से सरकार को नया सत्र बुलाने के लिए जरूरी 20 दिन का नोटिस भी नहीं देना है। बातें पहले भी चल रही थी और अब किरेन रिजिजू के पोस्ट ने इन्हें और बल दे दिया। ऐसे में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि मोदी सरकार डिलिमिटेशन बिल को फिर से पास कराने की तैयारी में है? वही संविधान संशोधन बिल जो इस साल महिला आरक्षण विधेयक के साथ नत्थी करके अप्रैल में पेश किया गया था। लेकिन विशिष्ट बहुमत न मिलने पर गिर गया था। नंबर गेम के इस बदले हुए गणित ने सरकार की राह पहले से कहीं ज्यादा आसान तो बना दी है, लेकिन इस बिल को लेकर सबसे बड़ा सवाल संख्याबल का नहीं, बल्कि जनगणना के आंकड़ों का है।
बीते सात महीनों में कई क्षेत्रीय दलों में हुई टूट, पालाबदल और नए गठबंधनों ने विपक्ष की ताकत को कम किया है और एनडीए के संख्याबल को मजबूती दी है:
टीएमसी में बड़ी टूट: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की एकजुटता को बड़ा झटका लगा। पार्टी के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 बागी सांसदों ने 'नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया' (NCPI) में विलय कर एनडीए को समर्थन देने का फैसला किया।
आम आदमी पार्टी (AAP) को झटका: राज्यसभा में विपक्षी खेमे को तब बड़ा नुकसान हुआ जब आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों ने इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया। इससे उच्च सदन में आप का संख्याबल काफी घट गया।
शिवसेना (उद्धव गुट) में फिर सेंध: पिछले परिसीमन बिल के समय उद्धव ठाकरे की पार्टी के सभी 9 लोकसभा सांसदों ने सरकार के खिलाफ मतदान किया था, लेकिन अब उनमें से 6 सांसदों के पाला बदलने से पार्टी की संसदीय शक्ति एक बार फिर कमजोर हुई है।
अकाली दल की एनडीए में वापसी: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच हुए नए गठबंधन के साथ ही 6 साल बाद अकाली दल की एनडीए में वापसी हो गई है। सांसद हरसिमरत कौर बादल के जुड़ने से लोकसभा में एनडीए का आंकड़ा 321 तक पहुंच गया है।
डीएमके और एनसीपी (SP) के रुख में नरमी: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन और कांग्रेस से दूरी बढ़ने के चलते डीएमके के रुख में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जिसके पास लोकसभा में 22 सांसद हैं। वहीं, शरद पवार गुट (8 लोकसभा सांसद) की सांसद सुप्रिया सुले के बयानों से भी संकेत मिला है कि पार्टी हर मुद्दे पर विरोध करने के बजाय बिल के मसौदे के आधार पर समर्थन पर विचार कर सकती है।
मौजूदा सरकार 2027 में होने वाली नई जनगणना का इंतजार किए बिना 2011 की पुरानी जनगणना के आधार पर ही परिसीमन करना चाहती है। सरकार का तर्क साफ है कि वह 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले 33% महिला आरक्षण लागू करना चाहती है। लेकिन विपक्ष का सवाल है कि 2029 तक 2011 के आंकड़े 18 साल पुराने हो चुके होंगे, ऐसे में इतने पुराने आंकड़ों पर देश का नया चुनावी नक्शा खींचना कितना तर्कसंगत है?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट बताती है कि ठीक ऐसा ही मोड़ 2001 से 2003 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के सामने भी आया था। शुरुआत में वाजपेयी सरकार ने भी 1991 की पुरानी जनगणना के आधार पर परिसीमन आयोग का काम शुरू कर दिया था, ताकि 2004 के चुनाव से पहले इसे पूरा किया जा सके।
जब विशेषज्ञों और राजनीतिक दलों ने विरोध किया कि अगले 30 साल की राजनीति पुराने आंकड़ों पर तय नहीं होनी चाहिए, तो वाजपेयी सरकार पीछे हट गई। मई 2003 में तत्कालीन कानून मंत्री अरुण जेटली खुद 87वां संविधान संशोधन लेकर आए। संसद में जेटली ने तर्क दिया था कि चूंकि परिसीमन की यह प्रक्रिया अगले ढाई से तीन दशकों तक हमें बांधे रखेगी, इसलिए सबसे ताज़ा जनगणना (2001) के आंकड़ों का इंतजार करना ही सही है। जस्टिस कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में परिसीमन आयोग ने काम शुरू भी कर दिया था और जून 2003 तक लगभग 60% काम पूरा हो चुका था। लेकिन विशेषज्ञों और राजनीतिक दलों की इस आपत्ति के बाद कि अगले तीन दशकों तक की राजनीति पुराने आंकड़ों पर तय नहीं होनी चाहिए, वाजपेयी सरकार ने अपना रुख बदल लिया। 2004 का लोकसभा चुनाव पुराने चुनावी नक्शे पर ही कराना पड़ा था। नया परिसीमन अंततः 2008 में जाकर लागू हो सका।
बहरहाल, अब 23 साल बाद इतिहास खुद को दोहरा रहा है, लेकिन बीजेपी की रणनीति बिल्कुल उलट है। एक तरफ वाजपेयी सरकार थी, जिसने चुनावी देरी और 60 फीसदी मेहनत बेकार जाने की कीमत पर भी ताज़ा आंकड़ों को प्राथमिकता दी थी। दूसरी तरफ मोदी सरकार है, जो 2029 की समयसीमा और महिला आरक्षण को लागू करने के लिए 15 साल पुराने आंकड़ों के साथ आगे बढ़ने को तैयार है। अब देखना यह है कि 30 नवंबर को जब संसद बैठेगी, तो विपक्ष के इस ऐतिहासिक तर्क और सरकार के नए नंबर गेम में किसका पलड़ा भारी रहता है।