CM विजय की मजबूरी या बड़ा सियासी दांव! SC के आदेश के बावजूद दरगाह के पास Deepathoon पर दीप क्यों नहीं जलाने दिया?

By अभिनय आकाश | Nov 25, 2026

तारीख 24 नवंबर, शाम के ठीक 6 बजे। जगह तमिलनाडु के मदुरै की 1,000 फीट ऊंची तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी और मौका कार्तिकेय दीपम के महापर्व का। देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट आदेश था कि इस बार दरगाह के पास मौजूद पत्थर के ऐतिहासिक स्तंभ ‘दीपथून’ पर भी दीप प्रज्वलित होगा। लेकिन तमिलनाडु की विजय सरकार ने सर्वोच्च अदालत के फरमान को दरकिनार करते हुए दीपथून को अंधेरे में ही छोड़ दिया। अब सवाल बेहद गंभीर है कि मुख्यमंत्री विजय ने सुप्रीम कोर्ट से सीधे टकराव का इतना बड़ा सियासी जोखिम आखिर क्यों मोल लिया? क्या इसके पीछे विधानसभा के 108 बनाम 121 वाले सत्ता के गणित की कोई मजबूरी छिपी है? और आखिर मंदिर, दरगाह और जैन गुफाओं के संगम वाली इस पहाड़ी का 100 साल पुराना विवाद क्या है? आइए, इस पूरे सियासी और ऐतिहासिक घटनाक्रम की परतें सिलसिलेवार ढंग से खोलते हैं। 24 नवंबर की शाम ठीक 6:00 बजे पहाड़ी पर परंपरागत स्थान उचिपिल्लयार  मंदिर के पास कार्तिकेय दीपम प्रज्वलित किया गया। खुद राज्य के कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार जो थिरुपण कुंद्रम से ही विधायक भी हैं। उन्होंने परंपरागत जगह पर दीप जलाने का ऐलान किया। लेकिन दरगाह से करीब 50 मीटर दूर मौजूद विवादित खंभे दीपथून पर कोई दिया नहीं जला। जैसे ही पहाड़ी की तलहटी में जुटे श्रद्धालुओं को पता चला कि दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया है। विरोध शुरू हो गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाना शुरू किया। शाम 7:00 बजे के करीब पुलिस माइक से भीड़ को तितर-बितर होने की अपील कर रही थी और चेतावनी दे रही थी कि अगर लोग नहीं हटे तो लाठी चार्ज करना पड़ेगा। पूरे मदुरई और पहाड़ी के आसपास करीब 6000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। ड्रोन उड़ाने पर रोक लगा दी गई। काशी विश्वनाथर मंदिर और दरगाह जाने वाले आम श्रद्धालुओं तक को पहाड़ी पर चढ़ने से रोक दिया गया। इससे पहले दोपहर में भी सियासी पारा चढ़ा रहा। तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन दोपहर करीब 2:30 बजे कार्यकर्ताओं के साथ घर से निकले। लेकिन 40 मिनट बाद ही पुलिस ने उन्हें तिरुनेलवेली के बाहर थाचनलूर में रोक कर एक मैरिज हॉल में हिरासत में रख लिया। उधर मिट्टू पालयम से आ रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरगन को भी कोयंबटूर के अननूर में रोक लिया गया। कार्यवाही के बाद नागेंद्रन ने एक्स पर लिखा सरकार की जिम्मेदारी है कि वह कोर्ट के आदेशों का सम्मान करें और लोगों को पूजा करने के अधिकार की रक्षा करें। लेकिन यह सब काम नहीं आया। दीप थून पर दीप नहीं जला। 

इसे भी पढ़ें: Sri Ranganathaswamy Temple में लंका की रक्षा के लिए दक्षिण दिशा में है प्रभु का मुख, जानें मंदिर के रहस्य
क्या है कार्तिगई दीपम विवाद ?


तमिलनाडु के मदुरै जिले में कार्तिगई दीपम विवाद की जड़ तिरुपरं कुंद्रम पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर दीप जलाने की परंपरा से जुड़ी है। यह स्तंभ पहाड़ी पर स्थित दरगाह के पास है। इसके पास ही सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और शिव मंदिर भी हैं।  पहाड़ी पर जैन गुफाएं भी हैं। जिसके कारण इसे समनार हिल भी कहा जाता है। वहीं चोटी पर सूफी संत हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह की दरगाह है। जिससे इसे सिकंदर हिल भी कहते हैं। यह पूरी पहाड़ी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई के तहत संरक्षित स्मारक है। कानूनी लड़ाई 1920 में शुरू हुई जब मंदिर देवस्थानम ने पूरी पहाड़ी पर मालिकाना हक का दावा किया। 1923 में ट्रायल कोर्ट ने फैसला दिया कि पहाड़ी का ज्यादातर खाली हिस्सा और तीर्थ मार्ग मंदिर की संपत्ति है। जबकि सबसे ऊंची चोटी नीललीथोपे क्षेत्र और वहां जाने वाली सीढ़ियां मुस्लिम संपत्ति है। इसके बाद 1994 में कुछ स्वयंसेवकों ने चोटी पर दीप जलाने की मांग की। 1996 में हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि कार्तिकेय दीपम निचली ढलान पर उच्च पिल्लयार मंदिर के पास दीप मंडप में ही जलाया जाए। हालांकि दरगाह सीढ़ियों और निल्ली थोपे से कम से कम 15 मीटर दूर किसी अन्य जगह पर विचार की छूट दी गई। करीब 30 साल पहले मंदिर के चार पुजारियों ने भी प्रशासन को बताया था कि परंपरागत रूप से दीप ऊंची पिल्लियार मंदिर में ही जलता रहा है। बीच में 2021 में दरगाह पर लोहे के झंडे और 2025 की शुरुआत में पहाड़ी पर पशुबलि के प्रयास को लेकर भी विवाद हुए थे। मौजूदा विवाद नवंबर 2025 में फिर भड़का जब कुछ श्रद्धालुओं ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति मांगी। नवंबर 2025 में तत्कालीन डीएमके सरकार ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला देते हुए पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट ने दीप जलाने की रस्म की अनुमति देने का निर्देश दिया था। डीएमके सरकार ने हाई कोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। जून 2026 में तमिलनाडु सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची और दलील दी कि अगर ऐसे पत्थर के खंभे पर दीप जलाने की इजाजत दी गई तो देश भर के हजारों सर्वे पिलर्स को धार्मिक रूप दे दिया जाएगा। 20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच ने हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाते हुए एक अंतरिम व्यवस्था दी कि इस साल 24 नवंबर को सिर्फ एक बार के लिए मंदिर प्रशासन की अधिकृत छोटी टीम और सरकारी अधिकारी दीपथून पर दीप जला सकते हैं। जबकि भविष्य के पारंपरिक अधिकार का सवाल खुला रखा गया। 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन के लिए यानी 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति दे दी।

इसे भी पढ़ें: Thiruparankundram Deepam Controversy: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीपाथून पर नहीं जला दीप, बीजेपी ने उठाए सवाल
विजय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का आदेश क्यों नहीं माना?

 
इसका जवाब तमिलनाडु विधानसभा के नंबर गेम में छुपा हुआ है। विधानसभा की 228 भरी हुई सीटों में विजय की पार्टी टीवी के पास 108 विधायक हैं। यानी बहुमत से थोड़ा पीछे उनकी सरकार सहयोगी दलों के सहारे खड़ी है। कांग्रेस के पांच आईयूएमएल, वीसी, सीपीआई और सीपीएम के दो-दो विधायक जिन्हों जिन्हें मिलाकर आंकड़ा 121 पहुंचता है। दोनों वामपंथी दल और वीसी के लगातार दीपथून पर दूसरा दीप जलाने के खिलाफ थे। वहीं तमिलनाडु कांग्रेस प्रमुख मणिकम टैगोर ने भी सांप्रदायिक सौहार्द का हवाला देकर सिर्फ परंपरागत स्थान पर दीप जलाने का समर्थन किया था। ऐसे में दीपथून को बिना जलाए छोड़ना विजय के लिए अपने गठबंधन को एकजुट रखने का सियासी फैसला माना जा रहा है। 


अवमानना याचिका पर सुनवाई


सुप्रीम कोर्ट ने 25 नवंबर को कहा कि वह तमिलनाडु के मदुरै जिले में तिरुपरमकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून में पारंपरिक कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने के मामले में अवमानना याचिका पर सुनवाई करेगा और राज्य सरकार की स्थिति रिपोर्ट का अवलोकन करेगा। अवमानना याचिका में दीप जलाने संबंधी न्यायालय के निर्देशों का कथित तौर पर पालन नहीं करने के लिए तमिलनाडु सरकार के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया गया है। इस मामले का उल्लेख न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ के समक्ष किया गया। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के वकील ने पीठ को बताया कि उन्हें मामले में हुए घटनाक्रम का विवरण देते हुए स्थिति रिपोर्ट दाखिल करनी है।  उन्होंने पीठ से मामले पर सुनवाई करने का अनुरोध करते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश दीपथून में पारंपरिक दीप नहीं जलाया जा सका। वहीं, दीप जलाने की अनुमति मांगने वाले याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने इस घटनाक्रम को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। याचिकाकर्ता के वकील ने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का जानबूझकर पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए दलील दी कि ज्योति को दीपथून तक ले जाकर वहां दीप जलाया जाना चाहिए था। 


दीपथून पर दीपम नहीं जलाने के लिए राज्य सरकार खेद जताया


तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून पर पारंपरिक दीप प्रज्वलित नहीं किए जाने के लिए माफी मांगी। सरकार ने दावा किया कि मंदिर के न्यासी बोर्ड ने इस कार्य को संपन्न कराने के लिए प्रस्तावित दल को अधिकृत नहीं किया था। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ के समक्ष मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा ने स्थिति रिपोर्ट दाखिल की। राज्य सरकार ने कहा कि जिला प्रशासन ने शीर्ष अदालत के 20 नवंबर के उस आदेश के कार्यान्वयन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली थीं, जिसमें मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत एक सीमित दल के माध्यम से दीपथून में दीपक प्रज्वलित करने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, राज्य सरकार ने रिपोर्ट में दावा किया कि शीर्ष अदालत के आदेश का पालन नहीं किया जा सका क्योंकि मंदिर के न्यासी बोर्ड ने इस कार्य को संपन्न कराने के लिए प्रस्तावित दल को अधिकृत नहीं किया। इसके बजाय बोर्ड ने पारंपरिक स्थान पर कार्तिगई महादीपम जलाने की प्रचलित परंपरा का पालन करने का निर्णय लिया। स्थिति रिपोर्ट में कहा गया है मैंने सद्भावना के साथ अदालत के आदेश का पालन करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए। मेरी ओर से इस माननीय अदालत के किसी भी निर्देश की जानबूझकर अवहेलना नहीं की गई है।  मैं इस माननीय अदालत के आदेशों का अत्यंत सम्मान करता हूं और इसके द्वारा दिए जाने वाले प्रत्येक निर्देश का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। उन्होंने कहा कि दीपथून पर दीप प्रज्वलित नहीं किए जाने के लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं। जिला प्रशासन ने देवस्थानम की अनुमति प्राप्त करने और दीपथून में दीप प्रज्वलित करने के लिए हर संभव प्रयास किया।

प्रमुख खबरें

FSSAI देशभर से ले रहा बोतलबंद पानी के सैंपल, दो महीने में आएगी जांच रिपोर्ट

Lok Sabha में दो तिहाई बहुमत जुटाने में Modi Govt नाकाम, Delimitation पर Congress हमलावर

Brahmastra 2 आएगी, Ayan Mukerji ने फिल्म टलने की अफवाहों पर लगाया विराम

Supreme Court से राहुल गांधी को मिली राहत, CBI-ED जांच का आदेश रद्द, अब हाई कोर्ट में दोबारा होगी सुनवाई