By मिताली जैन | Jun 16, 2026
जब भी बालों की नेचुरल केयर की बात होती है, तो सबसे पहले तेल लगाने का ख्याल ही दिमाग में आता है। सदियों से दादी-नानी सिल्की, स्मूथ व मजबूत बालों के लिए तेल लगाने की सलाह देती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कुछ लोगों के बाल तेल लगाने के बाद और ज्यादा चिपचिपे, बेजान या कमजोर क्यों दिखने लगते हैं?
जिस तरह हर किसी की स्किन अलग होती है, ठीक वैसे ही स्कैल्प भी अलग होती है। जहां कुछ लोगों की स्कैल्प पहले से ही काफी ऑयली होती है। ऐसे में बार-बार तेल लगाने से स्कैल्प पर अतिरिक्त तेल जमा हो सकता है। जिससे बालों को फायदा कम और नुकसान ज्यादा होता है। इससे कभी-कभी खुजली या डैंड्रफ जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।
तेल लगाने से बालों को फायदा होता है तो इसका मतलब यह कतई नहीं है कि आप रात भर या दो-दो दिन तक बालों में तेल लगाए रखें। कुछ लोगों में लंबे समय तक तेल लगा रहने से रोमछिद्र बंद हो सकते हैं, जिससे स्कैल्प में भारीपन का अहसास होने लगता है। खासकर गर्मियों और उमस वाले मौसम में यह समस्या और भी ज्यादा हो सकती है।
बालों में तेल लगाते समय इस बात का ख्याल भी रखना चाहिए कि आप कौन सा तेल लग रहे हैं। हर तेल हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होता। जहां किसी व्यक्ति को नारियल तेल सूट करता है, तो किसी के लिए बादाम या आर्गन ऑयल ज्यादा अच्छा रहता है। इसलिए, अगर तेल लगाने के बाद खुजली, रेडनेस या ज्यादा हेयर फॉल हो रहा हो, तो हो सकता है कि वह तेल आपके लिए सही न हो।
बालों में तेल लगाते समय आपको उसके तरीके पर भी ध्यान देना चाहिए। कुछ लोग ऑयलिंग करते हुए बहुत ज्यादा जोर से मसाज करते हैं। लेकिन जरूरत से ज्यादा रगड़ने से बालों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं, जिससे बालों को नुकसान हो सकता है।
बालों में तेल लगाना नुकसानदायक नहीं है। आप बालों को मुलायम रखने, ड्राइनेस कम करने और रिलैक्स महसूस कराने में मदद करता है। बस जरूरी है कि आप अपने बालों और स्कैल्प की जरूरत को समझें और उसके अनुसार सही तेल व तरीका अपनाएं।
- मिताली जैन