कारसेवकों पर गोलियां चलाने वालों और राम मंदिर बनाने वालों में से किसी एक को चुनना होगा : Amit Shah

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 28, 2024

कासगंज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राम मंदिर मुद्दे को लटकाए रखने के लिए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि जनता को कारसेवकों पर गोलियां चलाने वालों और राम मंदिर बनाने वालों में से किसी एक को चुनना होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शाह ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी एससी-एसटी (अनुसूचित जाति-जनजाति) वर्ग और पिछड़ा वर्ग का आरक्षण न हटाएगी और न किसी को हटाने देगी और यह ‘मोदी की गारंटी’ है। 

उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण मिलने पर भी समारोह में न जाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा निमंत्रण राहुल गांधी, सोनिया गांधी, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव को भी दिया गया मगर कोई वहां नहीं गया। शाह ने कहा कि यह आपको तय करना है कि कारसेवकों पर गोली चलवाने वाली समाजवादी पार्टी को वोट देना है या राम मंदिर बनाने के लिए अपनी सरकारें कुर्बान करने वाली भाजपा और नरेन्‍द्र मोदी को वोट देना है। 

उन्होंने राहुल गांधी पर पिछड़ा वर्ग के नाम पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी जिस कांग्रेस का समर्थन कर रही है वह पिछड़ा वर्ग की विरोधी है। शाह ने कहा कि पिछली सरकारों ने “सालों तक काका साहब कालेलकर कमेटी की रिपोर्ट को दबाकर रखा, मंडल कमीशन का विरोध किया और मोदी जी जब प्रधानमंत्री बने तो पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक सम्मान दिया गया।” राहुल गांधी और अखिलेश यादव द्वारा भाजपा के पूर्ण बहुमत में आने पर आरक्षण समाप्त करने के दावे पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, इन लोगों ने झूठ की फैक्ट्री खोलकर रखी है। 

गृह मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और भाजपा के पास आरक्षण हटाने के लिए पूर्ण बहुमत दो कार्यकाल से है, परंतु मोदी जी आरक्षण समर्थक हैं और आज मैं मोदी गारंटी कहकर जाता हूं कि एससी एसटी और पिछड़ा वर्ग का आरक्षण न भाजपा हटाएगी न किसी को हटाने देगी। यह मोदी की गारंटी है। शाह ने एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह के पिता दिवंगत पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण को नमन करते हुए अपनी बात शुरू की और कहा कि भाजपा के एक एक कार्यकर्ता पर कल्याण सिंह का बहुत बड़ा ऋण है। 

उन्होंने कहा, कल्याण सिंह जी ने ही पिछड़ों का कल्याण और राम जन्मभूमि का उद्धार, इन दो चीजों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज मुझे खुशी है कि मेरे प्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी ने ‘बाबूजी’ (कल्याण सिंह) के दोनों लक्ष्यों को पूर्ण किया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिया कि मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर, पांच किलो अनाज 2029 तक मिलता रहेगा, उसको कोई रोक नहीं पायेगा। शाह ने मोदी की योजनाओं को भी गिनाया और कहा कि उन्होंने तीन करोड़ गरीबों को घर दिया। 

इसे भी पढ़ें: Lok Sabha Election : हाथरस के हींग बाजार की बदहाली व्यापारियों के बीच बड़ा मुद्दा

भाजपा के पूर्व प्रमुख ने कथित तौर पर केवल अपने परिवार के सदस्यों को चुनावी मैदान में उतारने के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पहले दो चरणों में जिन सीट पर मतदान हुआ, उनमें से भाजपा 100 से अधिक सीट हासिल करेगी, जबकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पाएंगी। एटा में तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा।

प्रमुख खबरें

झाबुआ में लोकायुक्त की कार्रवाई, वेतन बिल पास करने के लिए घूस लेते Clerk पकड़ाया

Maharashtra विधान परिषद की 5 सीटों पर मतदान कल, 182 उम्मीदवार मैदान में

India दौरा पूरा कर रवाना हुए Marco Rubio, आर्थिक और रणनीतिक प्राथमिकताओं को बताया अहम

लाल साड़ी से हटकर Karwa Chauth पर पहनें ये 7 रंग, लुक देख सब करेंगे तारीफ