By अंकित सिंह | Apr 04, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर अब राजनीतिक दल सक्रिय होते नजर आ रहे हैं। राज्य में मुक्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। हालांकि, जेडीएस की भी राज्य की राजनीति में अहम भूमिका रहती है। सवाल यह भी है कि क्या जेडीएस किसी अन्य के साथ गठबंधन करेगी? इस सवाल के जवाब में कर्नाटक के पूर्व सीएम व जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी का बयान सामने आया है। एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि हम कर्नाटक में सरकार अपने बल पर लाना चाहते हैं क्योंकि हम पहले ही पंचरत्न योजना की घोषणा कर चुके हैं और अगर हम किसी और राष्ट्रीय दल के साथ गठबंधन कर सरकार बनाते हैं तो उन्हें पूरा करना बहुत मुश्किल होगा।
जनता दल सेक्युलर के नेता एचडी कुमारस्वामी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनकी पार्टी से तालमेल बिठाने की कोशिश कर रही हैं, क्योंकि 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव में खंडित जनादेश आने की स्थिति में उन्हें उनकी पार्टी के समर्थन की आवश्यकता पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों राष्ट्रीय दलों की ओर से “बिचौलियों” ने उनसे संपर्क किया था। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हालांकि उन्हें विश्वास है कि इस बार जनता उनकी पार्टी को स्पष्ट बहुमत प्रदान करते हुए अपने दम पर सरकार बनाने के लिए आशीर्वाद देगी।