BJP की एक महिला सदस्य ने भगवान कृष्ण से की PM मोदी की तुलना, कहा- उनके पास 16 कलाएं हैं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 30, 2022

नयी दिल्ली।राज्यसभा में बुधवार को जनजातीय मंत्रालय से जुड़े एक विधेयक पर चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी की एक महिला सदस्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान कृष्ण से करते हुए कहा कि उनके पास भी 16 कलाएं हैं। यद्यपि उप सभापति हरिवंश ने भाजपा सदस्य को दो बार नसीहत दी कि वह अपनी बात केवल विधेयक तक सीमित रखें। उच्च सदन में भाजपा की संपतिया उइके ने संविधान (अनुसूचित जातियां और अनुसूचित जनजातियां) आदेश (संशोधन) विधेयक, 2022 पर चर्चा में भाग लेते हुए यह तुलना की।

उइके ने कहा कि ‘‘माननीय प्रधानमंत्री जी आज के युग के कृष्ण भगवान हैं। सोलह कलाएं भगवान कृष्ण में थीं, वे कलाएं माननीय मोदी जी में भी हैं।’’ भाजपा सदस्य प्रशंसा में यही तक नहीं रुकीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘‘सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास, सबका प्रयास’’ आह्वान की तुलना प्राचीन भारत के सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य से कर डाली। उन्होंने कहा कि चंद्रगुप्त मौर्य ने अखण्ड भारत का निर्माण किया था, वही काम प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। इस पर उप सभापति हरिवंश ने कहा कि यह विधेयक झारखंड के बारे में है, और भाजपा सदस्य केवल उसी पर अपनी बात रखें। संपतिया ने इसके बावजूद जब प्रधानमंत्री की प्रशंसा जारी रखी तो उपसभापति ने उन्हें फिर टोकते हुए कहा कि वह दूसरे विषय पर बोल रही हैं, उन्हें विधेयक के विषय पर बोलना चाहिए। इस विधेयक में झारखंड के भोगता समुदाय को अनुसूचित जाति से हटाकर अनुसूचित जनजाति की सूची में डालने का प्रावधान है।

प्रमुख खबरें

PM Modi ने किशोरियों के स्वास्थ्य पर जोर दिया, आंगनवाड़ी केंद्रों में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान

ट्रेनें रोकने से देश का युवा नहीं थमेगा, Chirag Paswan ने विपक्ष के प्रदर्शन पर साधा निशाना

Team India कोच Gautam Gambhir के बार-बार बदलाव पर Shane Watson ने उठाए सवाल

Makhana Export को रफ्तार देगा Bihar, 2030-31 तक 30 हजार टन का लक्ष्य तय