Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर शिव आराधना से होते हैं सभी भय दूर

By प्रज्ञा पांडेय | Feb 15, 2026

आज महा शिवरात्रि है, यह भगवान भोलेनाथ की अराधना का सबसे बड़ा दिन होता है, इस दिन देवों के देव महादेव की उपासना की जाती है। यह शिव और पार्वती के मिलन का प्रतीक है और प्रभु की पूजा से भक्त सभी प्रकार के भय से मुक्त होते हैं तो आइए हम आपको महा शिवरात्रि व्रत का महत्व एवं पूजा विधि के बारे में बताते हैं। 

महा शिवरात्रि का शुभ मुहूर्त

हिन्दू पंचांग के अनुसार महा शिवरात्रि की पावन तिथि 15 फरवरी 2026 की शाम 05:04 बजे से शुरू होकर 16 फरवरी 2026 की शाम 05:34 बजे तक रहेगी। चूंकि 15 फरवरी 2026 की रात में चतुर्दशी तिथि मौजूद रहेगी इसलिए महा शिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी 2026, रविवार को मनाया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Mahashivratri 2026: जानें महादेव की पूजा के Special Rules और रात्रि जागरण का महत्व

महा शिवरात्रि पर इस मुहूर्त में करें पूजा, होगा लाभ

महा शिवरात्रि की पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त 15 फरवरी 2026 की देर रात 12 बजकर 9 मिनट से रात 1 बजकर 1 मिनट तक रहेगा। ये निशिता काल है जो शिवरात्रि पूजन के लिए सबसे शुभ समय माना जाता है। इसके अलावा कई लोग रात्रि के चारों प्रहर में शिव पूजा करते हैं। 

महा शिवरात्रि पूजा में शामिल करें ये सामग्री 

पंडितों के अनुसार महा शिवरात्रि की पूजा में बेलपत्र, अक्षत, गाय का दूध, पान के पत्ते, सुपारी, जनेऊ, चावल, शक्कर, सफेद बूरा, शहद, इलाइची, लौंग, गंगाजल, मदार के फूल, धतूरा, भांग, सफेद फूल, पांच प्रकार के मौसमी फल, फूल, माला, शमी के पत्ते, केसर, इत्र, सफेद चंदन, गन्ने का रस, मिठाई या चूरमा का भोग अवश्य शामिल करें। 

महाशिवरात्रि पर ऐसे करें पूजा, होंगे लाभन्वित 

शास्त्रों के अनुसार महा शिवरात्रि के दिन सुबह जल्दी उठकर व्रत का संकल्प लें। पूजा के लिए एक चौकी की स्थापना करें और उस पर पीला या लाल रंग का साफ कपड़ा बिछाएं। फिर इस चौकी पर थोड़े चावल रखें और भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित करें। एक मिट्टी या तांबे का कलश लेकर उस पर स्वास्तिक बनाएं और उसमें थोड़ा गंगाजल और शुद्ध जल मिला लें। साथ ही इसमें सुपारी, सिक्का और हल्दी की गांठ डालें। शिव जी के समक्ष गाय के घी का दीपक जलाएं और साथ ही एक छोटा शिवलिंग स्थापित करें। अगर घर में शिवलिंग नहीं है तो मिट्टी से इसे तैयार कर लें। शिवलिंग का जल, दूध या पंचामृत से अभिषेक करें। मन ही मन ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करते रहें। इसके बाद शिवलिंग को साफ कपड़े से पोंछकर उस पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, शमी के फूल और फल-फूल आदि चढ़ाएं।  फिर महा शिवरात्री की कथा पढ़ें और कपूर से भगवान शिव की आरती करें। इसके बाद मिठाई, खीर और फल का भोग लगाएं। पूजा संपन्न होने के बाद सभी में प्रसाद बांट दें।

महाशिवरात्रि के दिन इन चीजों का करें दान 

शास्त्रों के अनुसार महाशिवरात्रि पर सफेद वस्तुओं का दान करना बेहद शुभ होता है। इससे मन को शांति मिलती है। साथ ही महादेव प्रसन्न होते हैं। इस दिन आप काले तिल का दान कर सकते हैं। यह सभी तरह के ग्रह दोषों को शांत करता है। काली दाल का दान करने से शनि और राहु से जुड़े दोष दूर होते हैं। वस्त्र दान सदैव श्रेष्ठ कर्म माना गया है। इसके प्रभाव से जीवन में शांति और संतोष बढ़ता है। आप महाशिवरात्रि के दिन घी और गुड़ का दान भी कर सकते हैं। इससे भाग्योदय होता है। इस दिन पर सुहागिन महिलाओं को श्रृंगार सामग्री का दान करना पुण्यदायी होता है। चावल का दान करने से घर में अन्न-धन बढ़ता है।

महाशिवरात्रि के दिन ये करें, शिव जी होंगे प्रसन्न 

पंडितों के अनुसार व्रत रखने वालों को त्रयोदशी तिथि से ही नियमों का ख्याल रखना चाहिए। इस दिन केवल सात्विक भोजन करना चाहिए। और अगले दिन सुबह स्नानादि करके व्रत का संकल्प अवश्य करना चाहिए। महाशिवरात्रि के दिन चार पहर की पूजा का विशेष महत्व होता है। ऐसे में व्रती को इस दिन चार पहर की पूजा अवश्य करनी चाहिए। साथ ही शिव जी के मंत्रों का जाप भी करें। व्रती को रात्रि के समय शिवजी की विशेष पूजा अर्चना करनी चाहिए। इस दिन निशीथ काल तक भगवान शिव के भजन करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। महाशिवरात्रि का व्रत फलाहार करके रखना चाहिए। साथ ही, इस दिन शिवजी का अभिषेक भी अवश्य करें और उन्हें बेलपत्र, धतूरा आदि अर्पित करें। महिलाओं को शिवरात्रि के दिन माता पार्वती को सुहाग की सामग्री अर्पित करनी चाहिए। ऐसा करने से दांपत्य जीवन सुखद बना रहता है। महाशिवरात्रि व्रत के दिन शाम के समय सात्विक भोजन किया जा सकता है। लेकिन इसके लिए साधारण नमक की बजाए सेंधा नमक का प्रयोग करना चाहिए।

महाशिवरात्रि व्रत से जुड़ी पौराणिक कथा भी है खास

अग्निपुराण समेत कई शास्त्रों में महाशिवरात्रि व्रत कथा का उल्लेख है। कथा अनुसार, चिरकाल में निषादों के राजा सुंदरसेन ने अनजाने में फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर भगवान शिव की पूजा की। इस समय उनका अभिषेक किया और रात्रि जागरण कर शिव शक्ति की साधना की। इस व्रत के पुण्य-प्रताप से निषादों के राजा सुंदरसेन को मृत्यु के बाद मोक्ष की प्राप्ति हुई। साथ ही यमलोक में उन्हें उच्च स्थान मिला। इस व्रत को करने से व्यक्ति विशेष को यम यातना से भी मुक्ति मिलती है।

महाशिवरात्रि व्रत पर ऐसे करें पारण 

पंडितों के अनुसार रविवार 15 फरवरी को व्रत रख अपनी सुविधा अनुसार समय पर शिव शक्ति की पूजा करें। वहीं, महाशिवरात्रि व्रत का पारण 16 फरवरी को सुबह 06 बजकर 53 मिनट से लेकर दोपहर 03 बजकर 16 मिनट के मध्य कर सकते हैं। इस समय स्नान-ध्यान के बाद विधिवत शिव-शक्ति की पूजा करें। वहीं, पूजा के बाद अन्न-धन का दान कर पारण करें।

- प्रज्ञा पाण्डेय

प्रमुख खबरें

भारत की Energy Security पर नजर, Venezuela की राष्ट्रपति Delcy Rodriguez का अहम दौरा, PM Modi से होगी वार्ता

Laos में भारतीय कंपनियों के लिए Investment का सुनहरा मौका, Deputy PM ने गिनाए बड़े फायदे

Dark Patterns का जाल बिछाना पड़ा महंगा, PhysicsWallah और McAfee पर CCPA का बड़ा एक्शन

West Bengal सरकार का ऐलान, अब 20 जून को बंगाल दिवस, जानें इस दिन का ऐतिहासक महत्व