APEC Summit: चीन में पहली बार त्रिपक्षीय बैठक करेंगे Xi Jinping, Donald Trump और पुतिन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

(के जे एम वर्मा) बीजिंग, 16 नवंबर चीन, अमेरिका और रूस के राष्ट्रपतियों के बीच पहली त्रिपक्षीय बैठक 19 नवंबर को होगी। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन से इतर शेनझेन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मेजबानी करेंगे।

चीन 18 और 19 नवंबर को एपीईसी आर्थिक नेताओं की 33वीं बैठक की मेजबानी करेगा जिसमें इस समूह के 21 सदस्य देशों के नेता शामिल होंगे। यह बैठक इन तीनों शक्तिशाली देशों के राष्ट्रपतियों के बीच होने वाला पहला त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन होगा। बैठक में संघर्षों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और परमाणु हथियारों की संख्या में कमी सहित कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

परमाणु हथियारों पर चर्चा ऐसे समय में होने की संभावना है, जब फरवरी में अमेरिका और रूस के बीच नयी सामरिक शस्त्र न्यूनीकरण संधि (न्यू स्टार्ट) की अवधि समाप्त होने के बाद वैश्विक हथियार नियंत्रण के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। दोनों देशों के बीच परमाणु हथियारों पर नियंत्रण से जुड़ा यह आखिरी प्रमुख द्विपक्षीय समझौता था। न्यू स्टार्ट संधि के तहत अमेरिका और रूस के परमाणु हथियारों के जखीरे पर कानूनी रूप से बाध्यकारी सीमाएं तय की गई थीं।

इसकी अवधि समाप्त होने के बाद दुनिया की दो सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के पास अब ऐसी कोई बाध्यकारी सीमा नहीं रह गई है। ‘व्हाइट हाउस’ की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने पिछले सप्ताह मीडिया से कहा , ‘‘राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि अन्य विषयों के अलावा वह दुनिया में परमाणु हथियारों में कटौती पर भी चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि इन हथियारों का प्रसार बेहद खतरनाक है।’’ बीजिंग ने त्रिपक्षीय परमाणु हथियार नियंत्रण वार्ता में अब तक बहुत कम दिलचस्पी दिखाई है।

उसका कहना है कि अमेरिका और रूस की तुलना में उसका परमाणु हथियारों का जखीरा काफी छोटा है। चीन ने बार-बार यह भी कहा है कि वह वैश्विक मामलों में बड़ी शक्तियों के संयुक्त शासन की अवधारणा में विश्वास नहीं करता। हांगकांग के अखबार ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की खबर के अनुसार, बैठक में व्यापक वैश्विक शासन व्यवस्था के तहत परमाणु हथियारों में कृत्रिम मेधा के इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए संभावित प्रतिबद्धताओं पर भी चर्चा हो सकती है।

अखबार ने बताया कि तीनों देशों ने वार्ता का एजेंडा और उससे जुड़ी प्रक्रियाएं तय करने के लिए कई सप्ताह तक बातचीत की थी। त्रिपक्षीय बैठक में ईरान का मुद्दा भी उठ सकता है। चीन ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और उसके कच्चे तेल का सबसे बड़ा खरीदार है।

ऐसे में तेहरान से जुड़े संघर्ष में बीजिंग के आर्थिक हित भी जुड़े हैं। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन में जारी युद्ध इस त्रिपक्षीय वार्ता का हिस्सा नहीं होगा, क्योंकि वाशिंगटन इस संघर्ष पर मॉस्को के साथ अलग से बातचीत कर रहा है। अखबार ने सोमवार को बताया कि रूस ने यूक्रेन में जारी युद्ध पर चर्चा करने को लेकर अनिच्छा जताई है।

प्रमुख खबरें

उगते सूर्य को उषा अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोकआस्था का महापर्व छठ: PM Narendra Modi ने दी बधाई, बताया- दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम

Bay of Bengal Cyclone Alert | बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का मंडराया खतरा! IMD की भीषण चेतावनी, 4 राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट

Jharkhand में Chhath Puja का समापन, घाटों पर उगते सूर्य को दिया गया अर्घ्य

Thane में Chhath Puja के दौरान झील में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत