By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 07, 2026
लिंकन, सात नवंबर यशस्वी जायसवाल के लगातार दूसरे शतक से भारत ए ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शनिवार को तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन दो विकेट पर 227 रन बना लिये। जायसवाल ने 138 गेंद में 102 रन बनाकर 19 नवंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले फॉर्म में वापसी की। बारिश के कारण 70वें ओवर में पहले दिन का खेल खत्म करना पड़ा।
पहले दिन का खेल समाप्त होने पर साइ सुदर्शन (205 गेंद में नाबाद 77 रन) और कप्तान ध्रुव जुरेल (नाबाद 12) क्रीज पर थे। टेस्ट श्रृंखला से पहले जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा और प्रसिद्ध कृष्णा भी यह मैच खेल रहे हैं। जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ए के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा।
उन्होंने जेरोड मैकी को दो बार लगातार तीन चौके लगाये। न्यूजीलैंड ए ने जायसवाल का कैच उस समय छोड़ा था जब वह 54 रन पर थे। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।
जायसवाल ने आफ स्पिनर डीन फॉक्सक्राफ्ट की गेंद पर 44वें ओवर में स्वीप शॉट खेलकर अपना शतक पूरा किया। इसके कुछ देर बाद ही वह फर्न्स की गेंद पर मिडआफ में कैच देकर आउट हो गए। मैकी ने 63वें ओवर में देवदत्त पडिक्कल को रवाना किया।