सपा-कांग्रेस ने बुंदेलखंड के युवाओं को तमंचे दिए, हमने तस्वीर बदली: योगी आदित्यनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 09, 2026

बांदा (उप्र), मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनकी सरकारों ने बुंदेलखंड को डकैत और स्थानीय युवाओं को तमंचे पकड़ा दिये थे, मगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने मूलभूत ढांचे, रोजगार और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिये इस पिछड़े इलाके की तस्वीर ही बदल दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'आज बुंदेलखंड के पास अपना एक्सप्रेस वे है और यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर बन रहा है... लेकिन याद करिये, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोगों ने यहां डकैत दिए थे। नौजवानों को नौकरी तो नहीं दी लेकिन उनके हाथ में तमंचे पकड़ा दिये थे और हमारी सरकार अब बुंदेलखंड को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का एक हब बना रही है।'

उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के माध्यम से सरकार ब्रह्मोस जैसी मिसाइल बनाती है और वह मिसाइल जब दुश्मन पर दागी जाती है तो पाकिस्तान भी 'बाप-बाप' करके चिल्लाता दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यह भारत का शौर्य है, यह भारत का पराक्रम है, भारत के बहादुर जवानों के लिए भारत की विजय का शंखनाद है और बुंदेलखंड उसका केंद्र बिंदु बन रहा है।

पूर्ववर्ती सरकारों पर बुंदेलखंड की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का पिछड़ापन यहां के युवाओं के पलायन का कारण बना था और पलायन तथा प्यास बुंदेलखंड की पहचान बन गयी थी। उन्होंने कहा, 'अगर कोई भू माफिया या डकैत चुनाव जीतकर जाएगा तो वह व्यापारी का अपहरण करेगा, सम्मानित लोगों की जमीनों पर कब्जा करेगा और गरीबों को उजाड़ेगा। वर्ष 2017 के पहले यही तो होता था।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में कहीं खनन माफिया, कहीं लैंड माफिया, कहीं सैंड माफिया और कहीं पर डकैतों का ऐसा आतंक था कि किसान भी खेत में जाने से डरते थे। उन्होंने कहा कि पहले न तो कनेक्टिविटी थी, न पेयजल और सिंचाई की सुविधा थी, न नौकरी-रोजगार था और बेटियों की सुरक्षा भी नहीं थी।

उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार बनने के बाद बुंदेलखंड के लिये आशा की किरण जागी और 2017 में प्रदेश में 'डबल इंजन' की सरकार बनी तो बुंदेलखंड का विकास हुआ।

योगी ने कहा, 'आज बुंदेलखंड में क्या नहीं है? आज सब कुछ है। महारानी दुर्गावती के नाम पर मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक का शिलान्यास और उद्घाटन हो रहा है। यह तभी संभव है जब अच्छे जन प्रतिनिधि चुने जाते हैं।'

उन्होंने सवाल किया कि सपा या कांग्रेस के शासनकाल में वीरांगना अवंती बाई लोधी और महाराणा प्रताप की मूर्तियां क्यों नहीं स्थापित हो पायीं या मंदिरों का सौंदर्यीकरण क्यों नहीं हो पाया, क्योंकि उनकी रुचि ही नहीं थी। उन्होंने लोगों से नकारात्मक और विकास विरोधी सोच वालों को खारिज करने का आह्वान किया।

प्रमुख खबरें

अचानक LoC पहुँचे Army Chief General Dhiraj Seth, सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की, आतंकवाद रोधी अभियान और तेज हुए

ग्रामीण भारत को नई दिशा: समृद्ध ग्राम बना WSIS Global Winner, World में बढ़ा India का मान, सिंधिया गदगद

Raghav Juyal का नया Comedy अवतार, Bhai Tera Star Hai Trailer में दिखा जबरदस्त अंदाज

Karnataka Cabinet का विस्तार: Siddaramaiah-Shivakumar में खींचतान, Delhi में High Command साधेगा संतुलन