By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 03, 2026
लखनऊ, दो अक्टूबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘‘भारत की बेटियों ने एशियाई खेलों में खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है।’’** उन्होंने कहा, ‘‘एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर 44 साल का इंतजार खत्म करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई। हमारी बेटियों ने एक बार फिर दुनिया को खेलों में भारतीय महिलाओं की ताकत, दृढ़ संकल्प और शानदार प्रदर्शन का नमूना दिखाया है।’’ योगी ने कहा, ‘‘इस स्वर्ण पदक के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया है।
एशियाई खेल 2026 में पुरुषों की 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर सुजीत कलकल को बधाई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सुजीत ने फाइनल में जबरदस्त जज्बे और संघर्ष का परिचय देते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। यह भारतीय कुश्ती के लिए गर्व का क्षण है।’’ मुख्यमंत्री ने महिलाओं की 65 किलोग्राम मुक्केबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर परवीन हुड्डा को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक मुश्किल दौर के बाद परवीन ने शानदार अंदाज में एशियाई मंच पर वापसी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और भारतीय मुक्केबाजी के लिए यादगार प्रदर्शन किया।