Yogi Adityanath ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पांच करोड़ घरों का लक्ष्य तय किया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 01, 2026

उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता का आह्वान करते हुए इस वर्ष पांच करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान, स्वतंत्रता दिवस तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्‍होंने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को जोड़ने का राष्ट्रीय अभियान है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण, उपलब्धता और वितरण की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों तथा स्थानीय उत्पादन केंद्रों को अभियान से जोड़ा जाए। राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, डाकघरों, पेट्रोल पंपों तथा अन्य निर्धारित केंद्रों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज सहज उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने नौ अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आयोजनों से पूर्व पूरे प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के योगदान को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाया जाए।

बैठक में 14 अगस्त को आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। योगी ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त को राजधानी लखनऊ सहित प्रत्येक जिला मुख्यालय पर विभाजन विभीषिका विषयक प्रदर्शनी आयोजित की जाए।

प्रमुख खबरें

The Scandal K-Drama Review | सोन ये-जिन और जी चांग-वूक का जादू, धीमी रफ्तार के बावजूद बांधे रखती है नेटफ्लिक्स सीरीज़

DUSU Election में 39.77 प्रतिशत मतदान, शनिवार को होगी वोटों की गिनती

Mahalaxmi Vrat Puja: Mahalakshmi Vrat आज से शुरू, धन समृद्धि के लिए इस तरह करें कलश स्थापना और पूजन

ग्रीनलैंड पर US और Denmark में समझौता अगले हफ्ते, संसदों की मंजूरी होगी अनिवार्य