क्षेत्र भ्रमण के दौरान विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उनका सुझाव लें मंत्री : योगी आदित्यनाथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 20, 2022

लखनऊ|  उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को अपने मंत्रियों को नसीहत दी कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ने विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उनके सुझाव भी लें। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने यह नसीहत मंगलवार को लोकभवन में मंत्रिमंडलीय समूह की बैठक के दौरान दी।

यहां जारी एक सरकारी बयान के अनुसार योगी ने मंत्रियों से कहा, हम एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में रहते हैं। मंडलीय भ्रमण के दौरान हमें विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधियों से संवाद कर सुझाव लेना चाहिए।

कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के बीच समन्वय पर जोर देते हुए योगी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री अपने राज्य मंत्री गणों के साथ समन्वय बनाए रखें और विभागीय बैठकों में राज्य मंत्रियों को सम्मिलित रखें।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, अनियमितता की एक भी घटना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘निर्णय योग्‍यता के आधार पर लें और जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें।’’

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद सरकार आपके द्वार नारे के साथ मंडलीय दौरे के लिए मंत्रियों के 18 समूहों का गठन किया था और अब तक मंत्रियों के दौरे के दो चरण पूरे हो चुके हैं।

मंत्रियों के दौरे के समय जन चौपाल में जनता के सकारात्मक भाव की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि मंत्री समूहों की रिपोर्ट संबंधित जिलों के नोडल अधिकारियों को दी जाए, जाति जन अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा सके। उन्होंने कहा कि मंत्रियों ने जिन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत बताई है, उस पर अमल किया जाए।

उन्होंने थाना दिवस, तहसील दिवस, विकासखंड दिवस को अपने उद्देश्यों में सफल बनाने में मंत्रियों से भी अपनी सक्रिय भूमिका के निर्वहन की अपेक्षा की। बैठक में सभी 18 मंत्री समूहों के अध्यक्षों ने अपने प्रभार वाले मंडलों की स्थिति के बारे में जनपदवार जानकारी दी।

प्रमुख खबरें

SAD-BJP गठबंधन पर पंजाब Congress का हमला, अस्तित्व बचाने के लिए बताया मौकापरस्त समझौता

बिहार में Tiger Analytics स्थापित करेगी AI डिलीवरी सेंटर, Samrat Choudhary ने दी जानकारी

Haridwar Ardh Kumbh 2027: जूना अखाड़े के संतों का नगर प्रवेश, धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत

पंजाब चुनाव के लिए Congress की बैठक, Sachin Pilot ने साफ छवि और युवाओं पर दिया जोर