By नीरज कुमार दुबे | Nov 20, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। मां के निधन की खबर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने इस कठिन समय में योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बताया जा रहा है कि सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह पंचूर गांव स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने उनके निधन की पुष्टि की। परिवार और स्थानीय लोगों के मुताबिक, उम्र संबंधी परेशानियों के साथ ही उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। बताया गया कि पिछले काफी समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और वह मुख्य रूप से अपने परिवार के सदस्यों को ही पहचान पा रही थीं।
इसे भी पढ़ें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, Pushkar Singh Dhami ने जताया शोक
मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मौजूद थे। वह वहां विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए थे। व्यक्तिगत जीवन के इस बड़े दुख के बावजूद उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा किया। हम आपको बता दें कि पंचूर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में स्थित है। यही वह गांव है, जहां योगी आदित्यनाथ का जन्म अजय सिंह बिष्ट के रूप में हुआ था और जहां उनका बचपन बीता।
योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और परिवार से जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह कई मौकों पर पंचूर पहुंचे हैं। फरवरी 2026 में भी उन्होंने अपने गांव का दौरा किया था और परिजनों के साथ समय बिताया था। इससे पहले मई 2022 में भी वह अपनी मां से मिलने पंचूर पहुंचे थे। सावित्री देवी अपने पति आनंद सिंह बिष्ट के निधन के बाद भी गांव में ही रह रही थीं। आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के प्रशासनिक दायित्वों के चलते योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित भाजपा के अन्य नेताओं ने भी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन परिवार के संपर्क में है और अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए समन्वय किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना जताई गई थी। वहीं, कुछ स्थानीय जानकारियों में पंचूर के निकट फूलचट्टी घाट का भी उल्लेख किया गया है। देखा जाये तो सावित्री देवी के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने जीवन का एक बड़ा व्यक्तिगत सहारा खो दिया है। उनके पैतृक गांव पंचूर में परिवार और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री भी अपने गांव पहुँच रहे हैं।