BJP में CM चेहरे पर Yogi Adityanath बोले, कमल ही सब कुछ है और यह सभी जानते हैं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर जारी अटकलों के बीच बुधवार को कहा कि पार्टी में कौन मुख्यमंत्री पद का चेहरा है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। आदित्यनाथ की यह टिप्पणी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक बयान के बाद आई है। मौर्य ने बयान में कहा था कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य का मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक करेंगे।

आदित्यनाथ से लखनऊ में एबीपी न्यूज के एक कार्यक्रम में मौर्य के बयान और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने इस पर कहा, “चुनाव तो सभी को कमल के निशान पर ही लड़ना है। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा।” यह पूछे जाने पर कि क्या वह भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा हैं, आदित्यनाथ ने कहा, “हमारे लिए कमल ही सब कुछ है।

कौन है और कौन नहीं, यह सभी जानते हैं। हर व्यक्ति जानता है।” इससे पहले, मौर्य ने बुधवार को जौनपुर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है और पार्टी इसी चुनाव चिह्न पर विधानसभा चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि चुनाव में भाजपा का चेहरा कमल है।

चुनाव कमल के निशान पर लड़ा जाता है। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होती है।’’ मौर्य ने कहा कि इस बैठक में विधायक सर्वसम्मति से जो निर्णय लेते हैं, उसी से तय होता है कि सरकार का नेतृत्व कौन करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल योगी जी हमारे मुख्यमंत्री हैं।

चुनाव के बाद योगी जी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई और इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला उस समय निर्वाचित होने वाले विधायक करेंगे।’’ मौर्य के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके बयान में जहां चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक के जरिए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया पर जोर दिया गया, वहीं आदित्यनाथ ने अपनी टिप्पणी में इस सवाल का सीधा जवाब देने के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न कमल को प्रमुखता दी और कहा कि मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर स्थिति सभी को पता है। भाजपा में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर दोनों नेताओं के बयानों ने उत्तर प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।

प्रमुख खबरें

PRAGATI बैठक में 78000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की समीक्षा, PM Modi बोले- काम में देरी से होता है बड़ा नुकसान

FIH Rankings में Indian Women Hockey Team ने रचा इतिहास, पहली बार 5वां स्थान पाया

Durban Super Giants ने Kane Williamson को नियुक्त किया Head Coach, SA20 में संभालेंगे टीम

यूपी में Azam Khan के तंज पर AIMIM ने सड़कों पर बांटी बिरयानी, सपा ने बताया नकली