प्रकृति सबका हिसाब बराबर कर देती है: Yogi Adityanath

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 02, 2023

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि कुछ लोगों ने प्रयागराज की धरती को अन्याय और अत्याचार का शिकार बना दिया था, लेकिन यह प्रकृति ना किसी पर अत्याचार करती है और ना किसी के अत्याचार को स्वीकार करती है, सबका हिसाब बराबर कर देती है। योगी आदित्यनाथ का इशारा परोक्ष तौर पर माफिया अतीक अहमद की ओर था। गौरतलब है कि अतीक अहमद (60) तथा अशरफ की मीडियाकर्मी होने का ढोंग करके तीन लोगों ने नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी थी।

उल्लेखनीय है कि शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र, अतीक अहमद का गढ़ रहा है जहां से वह पांच बार विधायक रहा। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अतीक और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल को पुलिस हिरासत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश, परिवारवादी और जातिवादी मानसिकता के दलों से आगे बढ़कर एक राष्ट्रवाद की सोच के साथ विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।” उन्होंने कहा, “पार्टी के एक साधारण से कार्यकर्ता गणेश केसरवानी को महापौर का प्रत्याशी बनाना यह साबित करता है कि भाजपा नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की पार्टी है। यही देश का लोकतंत्र है और भाजपा का लोकतंत्र है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह वही उत्तर प्रदेश था जहां पर्व और त्योहार भय और आतंक के साये में मनाए जाते थे। लेकिन आज प्रदेश में पर्व और त्योहार खुशहाली लाते हैं। आज प्रदेश में कर्फ्यू नहीं, दंगा नहीं, बल्कि सभी ओर चंगा ही चंगा है।” उन्होंने कहा कि आज व्यापारी को राज्य के व्यापारी कल्याण बोर्ड की ओर से 10 लाख रुपये की सुरक्षा बीमा दिया जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आज नगरों में किसी प्रकार का शोहदों का आतंक नहीं है। आज हमारे नगर ‘सेफ सिटी’ (सुरक्षित शहर) हो रहे हैं। लड़कियां सुरक्षित स्कूल जा सकती हैं, व्यापारी व्यापार कर सकता है। आज युवाओं के हाथ में तमंचे नहीं, टैबलेट हैं।”

मुख्यमंत्री ने नगर वासियों से प्रयागराज नगर निगम के सभी 100 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों और महापौर प्रत्याशी को विजयी बनाकर 2025 में होने वाले महाकुंभ को और भी दिव्य और भव्य बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, प्रयागराज से लोकसभा सांसद रीता बहुगुणा जोशी, फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल, कौशांबी सांसद विनोद सोनकर, निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी और कई विधायक मौजूद थे। झांसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने पहले से कह रखा है कि किसी गरीब और किसी शरीफ को छेड़ना नहीं है, लेकिन किसी गुंडे या किसी अपराधी को सीना तानकर चलने नहीं देना है।

मुख्यमंत्री झांसी के क्राफ्ट मेला मैदान पर निकाय चुनाव की जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक ओर बुंदेलखंड की योजनाओं का ब्योरा दिया तो दूसरी ओर बुंदेलखंड के माफिया पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में किसी नेता का गुर्गा यहां के संसाधनों पर डकैती नहीं डाल सकता। आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड वीर और वीरांगनाओं की भूमि है, लेकिन इस क्षेत्र में उनके गुर्गे बुंदेलखंड के संसाधनों में डकैती डालने में कोई गुरेज नहीं करते थे। एक समय ऐसा लगता था कि जैसे ये लोग बुंदेलखंड के प्राकृतिक संसाधन के साथ यहां की इज्जत भी लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सब प्रधानमंत्री मोदी के आभारी हैं जिन्होंने बुंदेलखंड के लिए डिफेंस कॉरिडोर का शिलान्यास इसी झांसी में किया और भारत डायनामिक्स का एक बेहतरीन संयंत्र यहां पर लग रहा है।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की जीवन रेखा बन चुके बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का प्रधानमंत्री ने उद्घाटन कर दिया है, लेकिन इसके झांसी लिंक का काम हम शुरू करने वाले हैं। मुख्‍यमंत्री ने आगे कहा कि चालू बजट में राज्य सरकार ने झांसी बुंदेलखंड औद्योगिक अथॉरिटी के निर्माण के लिए छह हजार करोड़ रुपये की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के तेलीबाग में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की और कहा कि डबल इंजन की सरकार के कार्यों को जनता का अपार समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में चार मई को 37 जिलों में चुनाव होंगे और लगभग सभी बड़े नगरों में उनको अपार जनसमर्थन दिखा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं कह सकता हूं कि भारतीय जनता पार्टी को अपार सफलता मिलेगी।’’ उन्होंने जनता से अपील की कि आपको पहले मतदान, फिर जलपान करना होगा।

आप सभी भारी संख्या में मतदान करिए, क्योंकि यह आपका केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में एक तरफ जहां यहां की ब्रह्मोस मिसाइल देश की सीमाओं पर भारत की सुरक्षा कर दुश्मनों के पसीने छुड़ाएगी, वहीं दूसरी ओर आप नाइट सफारी में शेर का आनंद ले सकेंगे। योगी ने आगे कहा, यहां पर आप बंद गाड़ी में होंगे और शेर खुले में होगा। आपको देखने को मिलेगा कि जंगल में शेर कैसे रहता है।

उन्होंने कहा कि जनता को बुनियादी सुविधा दिलाने वाला बोर्ड होना चाहिए। योगी ने कहा कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार और स्थानीय निकाय की संस्थाओं में तारतम्यता हो तो कोई चीज नगरीय क्षेत्र में असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में भी भाजपा का बोर्ड बनेगा, तो लखनऊ के विकास से जुड़े हुए हर कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे। योगी ने कहा कि भाजपा ने विकास तो सपा-बसपा ने पेशेवर माफिया को संरक्षण दिया।

प्रमुख खबरें

Bihar में फिर दौड़ेगी Sugar Mill की चाशनी, सुधा की तर्ज पर Vegfed Booth भी खुलेंगे

Airtel Mobile Recharge Shock: एयरटेल ने प्रीपेड प्लान के ढांचे में किया बड़ा बदलाव, 16% तक बढ़ी कीमतें

Food Inflation ने बिगाड़ा रसोई का बजट, 4.45% हुई खुदरा महंगाई, आम आदमी की Pocket पर बढ़ा Pressure

Pakistan Terror Strike: KPK में 36 घंटे चला बड़ा ऑपरेशन, 4 कमांडरों समेत 62 उग्रवादी हुए ढेर