Yogi Adityanath ने Rahul Gandhi पर साधा निशाना, रायबरेली में उठाए सवाल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 24, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनु स्‍मृति वाले बयान की तीखी आलोचना करते हुए उनसे सवाल किया कि वह क्‍यों अर्बन नक्सलियों के हाथों भारत की वर्तमान पीढ़ी के भविष्य को खराब करना चाहते हैं? रायबरेली के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के गढ़ में मनुस्मृति को लेकर उनके पुणे में दिये गये कथित बयान का जिक्र करते हुए योगी आदित्‍यनाथ ने यह भी कहा कि भारत को राहुल गांधी से व्यक्तिगत तौर पर कोई उम्मीद नहीं है लेकिन लोकसभा में आपके पास जो नेता प्रतिपक्ष का पद है उससे जरूर उम्मीद है। अपने सवालों को विस्तार देते हुए आदित्यनाथ ने कहा आप क्‍यों भारत की विरासत को बर्बाद करना चाहते हैं, क्‍यों भारत के भविष्‍य के साथ खिलवाड़ करना चाहते हैं ?

आदित्यनाथ ने आरोप लगाया यहां के संस्थानों के नाम, यहां के स्मारकों के नाम, एक परिवार के नाम पर हो जाएं, इनको अच्छा लगता था, लेकिन राना बेनी माधव बख्श सिंह या किसी वीरा पासी के नाम पर आपने या आपके लोगों ने सोचा भी नहीं। आदित्यनाथ सोमवार को 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक, अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222 वीं जयंती पर रायबरेली में आयोजित भाव समर्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्‍होंने 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नवनिर्मित राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार का लोकार्पण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीदों के परिजनों का सम्मान तथा अवध केसरी स्मारिका एवं विशेष आवरण (स्पेशल कवर) का विमोचन भी किया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पुणे में कांग्रेस के युवा संपर्क कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में कहा था कि महिलाओं का अपना अस्तित्व है और उनकी पहचान को उनके पिता, पति या बेटों के अधीन नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने मनुस्मृति के उस नियम को ‘‘शर्मनाक’’ बताया, जिसके अनुसार महिला को जीवन के हर चरण में पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहना चाहिए। आदित्यनाथ ने कहा मैं रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के महाराष्ट्र में दिए एक बयान को पढ़ रहा था, जिसमें उन्‍होंने कहा कि महिलाएं मनु स्‍मृति के बंधन को तोड़कर अब बाहर आ जाएं।

उन्होंने कहा राहुल जी, एक राहुल गांधी के रूप में आपसे यह देश बहुत अपेक्षा नहीं करता है, कोई अपेक्षा नहीं करता है, लेकिन भारत की संसद में, भारत की सर्वोच्च पंचायत में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आप देश के लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह बनते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल मनु पर या राम पर या भारत की विरासत पर टिप्पणी करते हैं। उन्होंने कहा कि मनु को जानना है तो अथर्ववेद , सप्तपदी ब्राह्मण और मत्स्य पुराण पढ़िये, ‘‘आपको सारी जानकारी मिल जाएगी।

उन्‍होंने कहा ‘‘कौन ऐसा व्‍यक्ति है जिसके जीवन में मां के रूप में या बहन के रूप में या पत्‍नी के रूप में या फिर बेटे के रूप में किसी महिला का संरक्षण उसे न प्राप्त होता हो? क्‍या कोई बेटी पिता के बगैर, क्‍या कोई बहन भाई के बगैर, क्‍या कोई पत्‍नी पति के बगैर और क्‍या कोई मां बेटे के बगैर अपने अस्तित्‍व को पूर्ण मानती है?’’ योगी ने कहा ‘‘क्या मनु स्‍मृति ने यह बात कही है ? आप बताइए सही बात क्या है ?

आप भारत के बच्चों को उस दिशा में क्‍यों ले जाना चाहते हैं, जहां किसी माता या किसी अन्य को बाद में लज्जित होकर माफी मांगनी पड़े ? दिल्ली में जंतर-मंतर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद एक लड़की के माफी मांगने की घटना का जिक्र करते हुए उन्‍होंने कहा कि उसके माता पिता ने भी माना कि उनकी बेटी ने गलत किया। योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत करता है, उसका कोई भविष्‍य नहीं होता है।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्‍य से भारत की परंपरा और मूल्यों को विस्मृत करके उसको भ्रम में डालकर कुछ लोगों ने भारत के खिलाफ षड्यंत्र करने का एक ठेका सा ले लिया है, जिसे देखकर वह स्तब्ध हैं। उन्‍होंने कहा आपने भारत के संविधान की शपथ ली थी और संविधान की शपथ लेकर भारत की परंपरा और भारत की विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। आप उप्र के बाहर जाते हैं तो उप्र को अपमानित करते हैं, भारत के बाहर जाते हैं तो भारत का अपमान करते हैं।

योगी ने आरोप लगाया भारत की सेना जब सीमाओं पर दुश्मनों के खिलाफ लड़ती है तो आप सेना के जवानों से प्रमाण मांगते हैं। आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में देशद्रोही तत्‍वों को प्रत्‍यक्ष और अप्रत्‍यक्ष रूप से आप प्रोत्‍साहित करते हैं। उन्‍होंने कहा कि अयोध्या में राम के अस्तित्व पर आपकी पार्टी सवाल उठाती है और लोकतंत्र के प्रति आपकी निष्‍ठा क्‍या है, यह तो इस देश ने 1975 में आपातकाल के रूप में देखा है।

इस मौके पर उप्र सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री एवं रायबरेली के प्रभारी राकेश सचान, उद्यान राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रतााप सिंह, विधायक अदिति सिंह समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

चेन्नई की Puzhal Central Jail से भागे दो कैदी दोबारा गिरफ्तार, लापरवाही पर 7 कर्मी सस्पेंड

Lucknow Cafe Owner Death Case में मॉडल Shradha Dubey समेत 3 आरोपी 10 दिन की जेल भेजे गए

Kirit Somaiya मुंबई एयरपोर्ट के पास मस्जिद हटाने की मांग पर निकालेंगे हथौड़ा रैली

Ayodhya Deepotsav 2024: सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाने का लक्ष्य तय