सपा और Congress अयोध्या को बदनाम करने में जुटीं, योगी बोले- खत्म हो जाएगी सियासत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026

गोरखपुर (उप्र), आठ नवंबर उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर अयोध्या की विरासत और विकास को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर विरासत और विकास की यात्रा इसी तरह जारी रही तो इन दोनों दलों की राजनीति हमेशा के लिए दफन हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के जंगल तिकोनिया में वनटांगिया समुदाय के साथ दीपावली मनाने के दौरान आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और विकास की गति को रोकने में विफल रहने के बाद विपक्षी दल अब अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं और उनके सामने अपनी राजनीतिक पहचान का संकट खड़ा हो गया है।

आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या में जय श्री राम बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था और राम मंदिर के विरोध में लोग खड़े होते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद सड़कों, बिजली, हवाई अड्डों और रेलवे के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ तथा बिना भेदभाव लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि माफिया उन्मूलन के बाद अब प्रदेश सरकार का अगला प्रहार नशे के सौदागरों पर है।

उन्होंने कहा, जो लोग दूसरों के जीवन को बर्बाद करते हैं, हम उनको आबाद नहीं रहने देंगे। आदित्यनाथ ने लोगों से नशे और जुए से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि ये दोनों बुराइयां परिवारों को बर्बाद कर देती हैं। वनटांगिया समुदाय की पूर्व स्थिति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस और सपा की सरकारों ने इस समुदाय को एक सदी से अधिक समय तक जंगलों में उपेक्षित रखा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 56 वनटांगिया गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, राशन कार्ड और पक्के मकान जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं और वर्ष 1947 में देश आजाद होने के बावजूद इन गांवों को सुविधाएं नहीं मिल पाई थीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा देकर सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। आज इन गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, पक्के मकान, स्कूल और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

आदित्यनाथ ने इस अवसर पर जिले में 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।

प्रमुख खबरें

देश के सामने चुनौती आने पर एकजुटता आडवाणी से सीखे विपक्ष: नितिन नवीन

शतरंज: Anuj Shrivatri ने फिलीपींस में जीती चैंपियनशिप, बने भारत के 100वें Grandmaster

PM Modi का बस्तर में बड़ा बयान, दिवाली और आडवाणी के 100वें साल तक की देश-दुनिया की अहम खबरें

ISSF विश्व चैंपियनशिप: निशानेबाजों के खराब प्रदर्शन पर Thomas Farnik और दीपाली देशपांडे में तकरार