योगी बोले- सपा के लिए सैफई परिवार का विकास ही सब कुछ था, चाचा-भतीजा वसूली पर निकल पड़ते थे
By अंकित सिंह | Feb 23, 2022
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर से अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला किया है। योगी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के लिए सैफई परिवार का ही विकास सब कुछ था, चाचा-भतीजे सब वसूली के लिए निकल पड़ते थे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए सैफई परिवार का विकास ही सब कुछ था। चाचा-भतीजा सब वसूली पर निकल पड़ते थे और युवाओं की नौकरियों पर डकैती पड़ती थी। अन्नदाता आत्महत्या करता था और गरीब भूख से मरता था। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले नौजवानों के लिए नौकरी नहीं थी। हमने 5 साल में 5 लाख नौजवानों को नौकरी दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान में 1 करोड़ नौजवानों को स्मार्ट फोन और टेबलेट दे रहे हैं। सपा ने इसकी शिकायत भी की है। 10 मार्च के बाद हम 2 करोड़ नौजवानों को टेबलेट और स्मार्टफोन देंगे। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले समाजवादी पार्टी की सरकार थी। उस समय आपके घरों में बिजली आती थी क्या? सपा की सरकार में तो बिजली की भी जाति और मजहब होता था। सपा सरकार के समय मोहर्रम और ईद पर बिजली आती थी पर दीवाली और होली के समय बिजली गायब रहती थी। इससे पहले भाजपा की जीत का दावा करते हुए योगी ने सुल्तानपुर में कहा कि रुझान बता रहे हैं कि सपा का सूपड़ा साफ़ हो रहा है। बसपा ने पिछली विधानसभा चुनाव में 19 सीटें पाई थीं, इस बार उनकी सीटें आधी हो जाएगी और कांग्रेस को तो उसके नेता ही ले डूबेंगे। एक मज़बूत सरकार दमदार होती है।